द फॉलोअप डेस्क:
ममता बनर्जी ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने से इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि राजभवन जाने का तो सवाल ही पैदा नहीं होता। ममता बनर्जी का कहना है कि वह चुनाव हारी नहीं हैं, बल्कि बीजेपी ने निर्वाचन आयोग के साथ मिलकर उनकी पार्टी को जबरन चुनाव हराया है, जिसे वह स्वीकार नहीं करेंगी। ममता बनर्जी के इस रुख पर भारतीय जनता पार्टी का जवाब आया है। बीजेपी नेता तथागत रॉय ने कहा कि मैंने ऐसी बातें ना तो कभी सुनी हैं और न ही कभी देखी है। चुनाव हारने के बाद कोई इस्तीफा देने से इनकार कैसे कर सकता है? क्या ममता बनर्जी को यह समझ में नहीं आता है कि विधानसभा का कार्यकाल तो वैसे भी समाप्त हो जाएगा? इसके बाद वह वैसे भी मुख्यमंत्री नहीं रहेंगी।
तथागत रॉय ने कहा कि मुझे नहीं लगता है कि उनकी मानसिक स्थिति ठीक है।
#WATCH | कोलकाता: भाजपा नेता तथागत रॉय ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान पर कहा, "...मैंने ऐसी बातें कभी नहीं सुनीं और ना ही देखीं कि कोई चुनाव में हारने के बावजूद इस्तीफा देने से इंकार कर रहा है। क्या वे(ममता बनर्जी) यह नहीं समझती हैं कि विधानसभा का कार्यकाल ही… https://t.co/qgyL4D9al7 pic.twitter.com/618IunTPF9
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 5, 2026
ममता बनर्जी ने प्रेस वार्ता को संबोधित किया
गौरतलब है कि ममता बनर्जी ने चुनाव नतीजों के दूसरे दिन प्रेस वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने यहीं ऐलान किया कि वह मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं देंगी। उनका कहना है कि मैं हारी नहीं हूं तो राजभवन जाने का सवाल ही नहीं पैदा होता। ममता बनर्जी ने कहा कि हमें हराने की कोशिश की गई है और तरीका अलोकतांत्रिक था। ममता बनर्जी ने कहा कि यदि नैतिक रूप से वह चुनाव हारतीं तो इस्तीफा देतीं, लेकिन उनको जबरन हराया गया है। ममता बनर्जी ने बीजेपी पर चुनाव आयोग और अर्धसैनिक बलों का इस्तेमाल करके जबरन हराने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि हम नैतिक रूप से चुनाव जीत चुके हैं।

बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आए हैं!
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आए हैं। बीजेपी ने यहां 208 सीटें जीतकर प्रचंड जनादेश हासिल किया है। पिछले 15 साल से सत्ता पर काबिज ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस महज 80 सीटें ही जीत सकी। ममता बनर्जी खुद भवानीपुर सीट पर बीजेपी के शुभेंदू अधिकारी से चुनाव हार गईं। वामदल और कांग्रेस पार्टी केवल 2-2 सीटें ही जीत सकी।
चुनाव नतीजों के बाद अब ममता बनर्जी के हालिया रुख से बंगाल में राजनीतिक गतिरोध की आशंका पैदा हो गई है। बीजेपी ने 9 मई को शपथ ग्रहण समारोह का ऐलान किया है।