नई दिल्ली
अमेरिका से डिपोर्ट किए जाने के तुरंत बाद कुख्यात गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई को बुधवार को एनआईए ने दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया। अनमोल, एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मुख्य साज़िशकर्ता के तौर पर वांछित था। वह कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई है और 2022 से फरार चल रहा था।
सूत्रों के अनुसार, अनमोल की अमेरिका में राजनीतिक शरण (Asylum) की याचिका लुइज़ियाना कोर्ट ने दो दिन पहले ही खारिज कर दी थी, जिसके बाद उसे चार्टर्ड फ्लाइट से भारत भेजा गया। उसके साथ पंजाब के दो और वांछित आरोपी भी डिपोर्ट किए गए।
एनआईए के मुताबिक, अनमोल बिश्नोई गैंग के टेरर नेटवर्क को विदेश से बैठकर ऑपरेट कर रहा था। जांच में पता चला है कि उसने 2020 से 2023 के बीच गोल्डी बराड़ और लॉरेंस बिश्नोई को कई आतंकी गतिविधियों में मदद दी, गैंग के शूटरों को लॉजिस्टिक सपोर्ट और ठिकाना दिलवाया, और विदेश से भारत में एक्सटॉर्शन से लेकर हमलों की प्लानिंग करता रहा।

एनआईए ने बताया, “अनमोल इस केस में गिरफ्तार होने वाला 19वां आरोपी है। उसके खिलाफ 2023 में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। वह लगातार भारत में आतंकी गतिविधियों को निर्देशित कर रहा था। उसके खिलाफ राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में कुल 31 केस दर्ज हैं और नौ गिरफ्तारी वारंट जारी हैं।”
एजेंसियों का फोकस अब उन मामलों पर है जिनमें उसका हाथ होने की आशंका है—
• सिद्धू मूसेवाला की हत्या (2022)
• बाबा सिद्दीकी की हत्या (2024)
• सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग केस
अनमोल के नाम पर 10 लाख रुपये का इनाम भी घोषित था। वह 15 मई 2022 को फर्जी पासपोर्ट से अमेरिका भागा था, जिसका फर्जीवाड़ा पिछले साल अमेरिकी अधिकारियों ने पकड़ लिया, जिसके बाद उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया। एनआईए अब उससे पूछताछ कर रही है और बिश्नोई गैंग के टेरर-क्राइम नेटवर्क, फंडिंग चैनल और हथियार सप्लाई चेन को ध्वस्त करने की तैयारी में है।
.jpeg)