logo

कार में खराबी आई तो छात्रा ने मंगवाई क्रेन, शीशा टूटा और चालक ने कुचल दिया; मौत

crian.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
ग्रेटर नोएडा में नॉलेज पार्क केबी मार्ट के पास क्रेन चालक की लापरवाही से बीटेक छात्रा की जान चली गई। छात्रा की पहचान 22 वर्षीय  दिव्यांशी के रूप में हुई थी। पुलिस ने मामले में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पुलिस को पता चला है कि क्रेन चालक विकास की गलती से पहले छात्रा की कार का शीशा टूट गया था। छात्रा ने भुगतान के लिए कहा तो विकास क्रेन और छात्रा की कार की चाबी लेकर भागा था। उसी दौरान छात्रा को क्रेन से कुचल दिया, जिसमें छात्रा की मौत हो गई। आरोपी विकास को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।


शीशा लगवाने को लेकर हो रहा था विवाद 
दिव्यांशी ग्रेनो से बीटेक की पढ़ाई कर रही थी। वह कार से कॉलेज आती जाती थी। शनिवार को उसकी कार में डीजल की जगह पेट्रोल पड़ गया। इस वजह से कार में तकनीकी खराबी आ गई थी। केबी मार्ट के पास कार बंद हो गई थी। छात्रा ने ऑनलाइन क्रेन बुक की। क्रेन चालक जब मौके पर पहुंचा तो उसने ऑटो में टक्कर मार दी। ऑटो छात्रा की कार से टकराया इसके चलते कार का शीशा टूट गया। शीशा नया लगवाने को लेकर दिव्यांशी और क्रेन चालक के बीच बहस होने लगी। आरोप है कि विवाद होने के बाद आरोपी क्रेन लेकर जाने लगा। उसी दौरान उसने छात्रा पर क्रेन का पहिया चढ़ा दिया। घटना के दौरान छात्रा के तीन दोस्त भी मौजूद थे, जब तक दोस्त उसे लेकर अस्पताल गये तब तक छात्रा की मौत हो चुकी थी। 


दिव्यांशी के पिता ने केस दर्ज करवाया 

दिव्यांशी के पिता की तहरीर पर आरोपी क्रेन चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में केस दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी के खिलाफ चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की जाएगी।