logo

कटनी : UP में घर ढहाने वाला बुलडोजर MP में बचा रहा लोगों की जान, जानिए! पूरा माजरा

bulldozer_mp.jpg

कटनी:
मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के कटनी जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यूपी (UP) के अपराधियों के घर पर चलने वाला बुलडोजर मध्य प्रदेश में एंबुलेंस के काम आ रहा है। मिली जानकारी के अनुसार बरही थाना क्षेत्र में खितौली रोड पर सोमवार को 2 बाइक की टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल के ले जाने के लिए एंबुलेंस को फोन किया गया लेकिन आधे घंटे बाद तक भी नहीं पहुंचा। हालत बिगड़ने लगी तो उसे बुलडोजर से ही अस्पताल ले जाया गया।

JCB के लोडिंग बकेट में उठाकर घायल को अस्पताल पहुंचाया
मामला मंगलवार का है। 2 बाइक की टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का नाम महेश बर्मन (25)  बताया जा रहा है। वह दर्द से कराह रहा था, लेकिन सड़क से गुजरने वाले किसी वाहन चालक ने उसकी मदद नहीं की। इसके बाद एक दुकानदार अपनी JCB के लोडिंग बकेट में ही उठाकर घायल युवक को अस्पताल ले गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

दोस्त रफीक की मदद से घायल को JCB के बकेट लेटाया 
बताया जा रहा है कि जहां हादसा हुआ, वहां पास ही में पुष्पेंद्र विश्वकर्मा की ऑटोमोबाइल की दुकान है। जब उन्होंने देखा कि न एंबुलेंस वहां पहुंची न ही सड़क से आने-जाने वाले किसी ने घायल की मदद नहीं की तब उन्होंने अपना JCB निकाला। उन्होंने अपने दोस्त रफीक की मदद से घायल को JCB के सामने वाले हिस्से (लोडिंग बकेट) में लेटाया और उसे बरही कम्युनिटी हेल्थ सेंटर लेकर पहुंचे। हादसे में महेश के पैर में फ्रैक्चर निकला। यहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। महेश मोटरबाइंडिंग का काम करता है।