logo

देश में 7 दिनों के अंदर लागू हो जायेगा CAA; इस केंद्रीय मंत्री ने किया दावा

SH_THAKUR.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

देश में 7 दिनों के अंदर CAA कानून लागू हो जायेगा। मोदी कैबिनेट में मंत्री शांतनु ठाकुर ने रविवार को प बंगाल में एक सभा में बोलते हुए ये दावा किया। बता दें कि इससे पहले गृहमंत्री अमित शाह ने एक महीने पहले दिसंबर में कहा था CAA कानून को देश में लागू होने से कोई नहीं रोक सकता। केंद्रीय मंत्री ने इससे आगे बढ़कर कहा कि देश में एक सप्ताह के भीतर नागरिक संशोधन अधिनियम लागू कर दिया जायेगा। ठाकुर बनगांव से बीजेपी सांसद हैं। वे रविवार को प बंगाल के 24 परगना में एक रैली में हिस्सा लेने पहुंचे थे। 

तृणमूल कांग्रेस ने दी प्रतिक्रिया 

ठाकुर की इस घोषणा के बाद ममता बनर्जी की तृणमूल सरकार ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। तृणमूल के प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा है कि लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी ये सब वोटों के ध्रुवीकरण के लिए कर रही है। साथ ही दोहराया कि प बंगाल में नागरिक संशोधन अधिनियम यानी CAA को लागू नहीं किया जायेगा। कहा कि बीजेपी के नेता लोगों के बीच भ्रम फैलाने के लिए इस तरह के हथकंडों का इस्तेमाल कर रही है। बता दें कि अमित शाह ने ममता सरकार पर घुसपैठिये को शरण देने का आरोप लगाते हुए कहा था CAA को लागू करने से कोई नहीं रोक सकता। 

CAA से जुड़े अहम तथ्य 
भारतीय नागरिकता कानून में 1955 से लेकर अबतक 6 बार बदलाव हो चुके हैं। ये बदलाव 1986, 1992, 2003, 2005, 2015 और 2019 में किये गये। अंतिम बार इसमें 10 दिसंबर 2019 को बदलाव किया गया। 10 दिसंबर को इसे लोकसभा में पारित किया गया और 11 दिसंबर को राज्य में भी इसे पास कर दिया गया। 12 दिसंबर को राष्ट्रपति से मंजूरी मिलने के बाद इसे कानून का रूप दे दिया गया। पहले के नियम के अनुसार भारतीय नागरिकता हासिल करने के लिए भारत में 11 साल रहने की बाध्यता थी। नये संशोधन के अनुसार ये अवधि अब छह साल कर दी गयी है।