चंडीगढ़:
पंजाब विधानसभा चुनाव नजदीक है। सियासी गहमा-गहमी शुरू हो चुकी है। इस बीच बीजेपी-पंजाब लोक कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) ने सीटों का एलान कर दिया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को प्रेस वार्ता में सीटों का एलान किया। इस बीच पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कभी कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता रहे कैप्टन अमरिंदर सिंह ने नवजोत सिंह सिद्धू के बारे में सनसनीखेज दावा किया है। इससे पंजाब में सियासी बवाल हो गया है।
पाकिस्तान के पीएम ने किया था अनुरोध
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने एक प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि पाकिस्तान के पीएम ने एक अनुरोध भेजा था। कहा था कि यदि आप सिद्धू को अपने मंत्रिमंडल में ले सकते हैं तो मैं आपका आभारी रहूंगा। वो मेरे पुराने मित्र रहे हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ये भी दावा किया कि, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने उनसे कहा कि यदि वो अच्छा काम नहीं करेंगे तो आप उनको हटा सकते हैं। गौरतलब है कि कुछ महीने पहले नवजोत सिंह सिद्धू के साथ विवाद के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। बाद में उन्होंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया।
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बनाई अलग पार्टी
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देने के बाद कहा था कि बीते कुछ समय से जो भी हुआ वो अपमानजनक था। उन्होंने कहा कि था कि जल्द ही अपने राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। इस बीच कैप्टन अमरिंदर सिंह ने दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। कयास लगाए जाने लगे कि वो बीजेपी ज्वॉइन करने वाले हैं। हालांकि, कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पंजाब लोक कांग्रेस के नाम से अलग पार्टी बनाई। पंजाब लोक कांग्रेस ने पंजाब में भारतीय जनता पार्टी के साथ गठबंधन किया है और 35 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। दावा है कि पंजाब में इस गठबंधन की सरकार बनेगी।
पंजाब में सिद्धू और कैप्टन की जंग का सबब
गौरतलब है कि पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कई दशकों तक कांग्रेस पार्टी के साथ राजनीति की। वहां मुख्यमंत्री रहे। बीजेपी छोड़ कांग्रेस में गये नवजोत सिंह सिद्धू की अपनी राजनीति महात्वाकांक्षी थी। सिद्धू कैप्टन सरकार में मंत्री थे लेकिन पंजाब में नशे के खिलाफ कानून बनाने सहित कई अन्य मसलों पर दोनों की ठन गई। नवजोत सिंह सिद्धू ने कैप्टन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पंजाब कांग्रेस अंदरूनी कलह से जूझने लगी।