logo

आसनसोल के सेंट विंसेंट स्कूल के समर कैंप में स्विमिंग पूल में डूबा बच्चा, मौत

a5010.jpg

द फॉलोअप डेस्क:

पश्चिम बंगाल के आसनसोल से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहां के प्रतिष्ठित निजी स्कूल 'सेंट विंसेंट' (St. Vincent's School) में चल रहे समर कैंप के दौरान स्विमिंग पूल में डूबने से छठी कक्षा के एक छात्र की मौत हो गई। इस हादसे के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं स्कूल प्रशासन के खिलाफ लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

अचानक गहरे पानी में चला गया मासूम
​मृतक छात्र की पहचान 12 वर्षीय आद्विक हिलालियन के रूप में हुई है, जो आसनसोल के लोअर चेलीडांगा (हुचुकपाड़ा) का रहने वाला था। मिली जानकारी के अनुसार, स्कूल में आयोजित समर कैंप के दौरान बच्चे स्विमिंग की ट्रेनिंग ले रहे थे। इसी बीच आद्विक अचानक पूल के गहरे पानी की तरफ चला गया और डूबने लगा। साथ में तैर रहे अन्य छात्रों ने जब उसे डूबते देखा, तो तुरंत शोर मचाया और स्कूल प्रबंधन को इसकी जानकारी दी।

​अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद आनन-फानन में छात्र को पानी से बाहर निकाला गया और तुरंत आसनसोल जिला अस्पताल ले जाया गया। लेकिन दुर्भाग्यवश, तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद मासूम आद्विक को 'डेड ऑन अराइवल' (मृत लाया गया) घोषित कर दिया।

​स्कूल प्रबंधन की घोर लापरवाही पर उठे सवाल
इस घटना के बाद स्कूल परिसर और अस्पताल के बाहर भारी तनाव का माहौल है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने स्कूल प्रबंधन की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि जब बच्चे स्विमिंग पूल में थे, तब ट्रेनर और लाइफगार्ड कहां थे। समर कैंप के दौरान सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं था। सेंट विंसेंट स्कूल के प्रिंसिपल रवि विक्टर ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह बेहद दर्दनाक हादसा है। वे पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और पुलिस को सहयोग कर रहे हैं।

​लापरवाही या हादसा,जांच में जुटी पुलिस
​स्थानीय विधायक ने भी इस घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस इस बिंदु पर तहकीकात कर रही है कि हादसे के वक्त पूल के पास ट्रेनर और शिक्षक मौजूद थे या नहीं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी है।

Tags - AsansolSummer CampWest BengalChild Drown