logo

दिल्ली : महंगाई के ख़िलाफ़ कांग्रेस की “हल्ला बोल रैली”आज, झारखंड कांग्रेस के नेता भी होंगे शामिल

congress_hallabol.png

दिल्ली:
देश में बढ़ती महंगाई के ख़िलाफ कांग्रेस पार्टी आज केंद्र सरकार पर हल्ला बोलने जा रही है। इसमें देशभर के कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंच रहे हैं। सोनिया गांधी औऱ राहुल गांधी सभी पार्टी के नेता के साथ दिल्ली के रामलीला मैदान में जुटेंगे और बढ़ती महगाई पर अंकुश लगाने के लिए सरकार पर दवाब बनाएंगे।  रैली के मद्देनजर मध्य दिल्ली के रामलीला मैदान और उसके आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। इस हल्ला बोल रैली में झारखंड प्रदेश के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, विधायक दल नेता आलमगीर आलम सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं हज़ारों की संख्या में कार्यकर्ता झारखंड से दिल्ली पहुँचे हुए है।

सड़क बंद होने के बारे में यात्रियों को दी गई
रैली के मद्देनजर अधिकारियों ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर लिए है। इसकी जानकारी आधिकारियों ने दी है। दिल्ली पुलिस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर यातायात परामर्श जारी किया है, जिसमें रविवार को सड़क बंद होने के बारे में यात्रियों को सूचना दी गई है। पुलिस के अनुसार रैली स्थल पर स्थानीय पुलिस के साथ अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। मैदान के प्रवेश बिंदुओं पर ‘मेटल डिटेक्टर’ भी लगाए गये हैं।

आम जनता को राहत देने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस लगातार कमरतोड़ महंगाई के खिलाफ आंदोलन कर रही और उसी की अगली कड़ी में रविवार को यहां विशाल रैली आयोजित की जा रही है, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं के साथ ही दिल्ली तथा आसपास के राज्यों के लोग बड़ी संख्या में शामिल होंगे। उन्होंने आम जनता को राहत देने के लिए महंगाई रोकने के वास्ते तत्काल कदम उठाने की मांग की।

महंगाई के खिलाफ एकजुटता के साथ केंद्र पर हमलावर होगी कांग्रेस
बता दें कि 'हल्ला बोल' रैली के जरिए कांग्रेस देश में महंगाई के खिलाफ एकजुटता के साथ केंद्र पर हमलावर होने की तैयारी में है। बताते चलें राष्ट्रीय राजधानी में पहले ये रैली 28 अगस्त को होनी थी। लेकिन, कोरोना के बढ़ते केस की वजह से इसे 4 सितंबर को आयोजित करने का निर्णय लिया गया था। कांग्रेस नेताओं ने इस सप्ताह की शुरुआत में देशभर के 22 शहरों में प्रेस कॉन्फ्रेंस की और 4 सितंबर को रामलीला मैदान में अपनी 'महंगाई पर हल्ला बोल रैली' के लिए 'दिल्ली चलो' का आह्वान किया था। रैली को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे। राहुल गांधी ने एक फेसबुक पोस्ट में कहा- आज देश के सामने सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी, महंगाई और बढ़ती नफरत है।