logo

अधीर रंजन ने किसे कहा, आप राजस्थान के सीएम बन रहे हैं न, पहला काम क्या करेंगे?

a167.jpeg

द फॉलोअप डेस्क:

पश्चिम बंगाल के कांग्रेस सांसद अधीर रंजन ने इशारों-इशारों में कह दिया कि राजस्थान का अगला मुख्यमंत्री कौन होने जा रहा है। अधीर रंजन ने दरअसल, सोमवार को संसद परिसर में मीडिया के कैमरों के सामने राजस्थान विधानसभा चुनाव में नव-निर्वाचित बीजेपी विधायक बालकनाथ को कहा कि आप राजस्थान के नए सीएम बन रहे हैं न। अच्छा बताइए सीएम बनने के बाद पहला काम क्या करेंगे? इस पर बालकनाथ मुस्कुराकर इनकार करते दिखाई दिए। बता दें कि नाथ संप्रदाय के महंत बालकनाथ को बीजेपी ने सांसद रहते विधानसभा का चुनाव लड़वाया।

 
199 विधानसभा में 115 सीटों पर जीत दर्ज की
गौरतलब है कि हालिया संपन्न राजस्थान विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश की 199 विधानसभा सीटों में से 115 पर जीत दर्ज की है। राजस्थान में पुरानी परंपरा बरकरार रही जहां हर पांच साल में सत्ता परिवर्तन हो जाता है। नतीजे आने के बाद से ही प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के लिए कई नाम चर्चा में हैं। 

राजस्थान में सीएम पद के लिए किसकी चर्चा
राजस्थान में विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित किए जाने के बाद से ही महंत बालकनाथ, लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला, केंद्रीय मंत्री अर्जुन सिंह मेघवाल, राज परिवार से आने वाली दीया कुमारी, गजेंद्र सिंह शेखावत, राजेंद्र सिंह राठौड़ और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का नाम मुख्यमंत्री पद की रेस में है। जब महंत बालकनाथ से पूछा गया कि क्या आपका नाम भी सीएम पद की रेस में है तो उन्होंने जवाब दिया कि यह सबकुछ प्रधानमंत्री की देख-रेख में चलेगा। उनका विजन ही अहम है।