द फॉलोअप डेस्क
कर्नाटक के कांग्रेसी नेता केएन राजन्ना (KN Rajanna) ने भगवान राम पर विवादित बयान दिया है। कहा कि एक टेंट है, जिसमें दो खिलौन रखे हैं। राजन्ना ने इसके बाद BJP पर ये आरोप भी लगाया कि चुनाव के पहले राम मंदिर का उद्घाटन वोटरों को आकर्षित करने के लिए किया जा रहा है। कहा, ये धार्मिक नहीं, बल्कि पूरी तरह से एक राजनीतिक आयोजन है। BJP चुनाव से पहले इस तरह के धार्मिक हथकंडे का सहारा पहले भी लेती रही है। ये इस पार्टी का इतिहास रहा है। हालांकि इसके बाद वे BJP और विश्व हिंदू परिषद के निशाने पर आ गये और फिर उनको सफाई भी देनी पड़ी।

क्या कहा राजन्ना ने
कांग्रेसी नेता राजन्ना ने कहा, जब बाबरी मस्जिद तोड़ दी गयी, तो मैं वहां गया था। वहां मैंने देखा कि एक टेंट है, जिसके अंदर दो खिलौन रखे गये हैं। इसे ही बाद में रामलला कहकर भक्तों ने प्रचारित किया। बाद की पूरी मंदिर राजनीति इसी पर आधारित है। कहा, BJP ने इसे अपने एजेंडा में शामिल कर लिया औऱ वोट का ध्रुवीकरण किया। अब BJP चुनाव के पहले राम मंदिर का उद्घाटन कर उसका सियासी लाभ लेना चाहती है। राजन्ना ने आगे कहा, मैं भी धार्मिक आदमी हूं। राम का अस्तित्व हजारों सालों से है। लेकिन जब आप किसी धार्मिक स्थान पर जाते हैं, तो आपको अंदर से एक अनुभूति होती है। अय़ोध्या जाकर मुझे कोई ऐसी अनुभूति नहीं हुई।

बाद में ये बोलकर दी सफाई
विवादित बयान पर BJP और विश्व हिंदू परिषद के नेताओं द्वारा निशाने पर लिये जाने के बाद राजन्ना को सफाई देने के लिए सामने आना पड़ा। पत्रकारों की ओर से सवाल किये जाने पर राजन्ना ने कहा कि मैंने वो बताया जो मैंने अय़ोध्या के टेंट में देखा था। अब मैं आपसे कहता हूं कि मैंने वहां कुछ भी ऐसा नहीं देखा जिसका जिक्र किया जा सके। मैं फिर से वहां जाने वाला हूं। इस बार मैं जो देखूंगा, उसे आपको बताऊंगा। बता दें कि कांग्रेस ने राम मंदिर उद्घाटन समारोह में शामिल होने से इनकार कर दिया है। कांग्रेस के साथ सपा, तृणमूल कांग्रेस और प्रमुख वामपंथी दलों ने उद्घाटन समारोह से दूरी बना ली है।
