नई दिल्ली:
कांग्रेस पार्टी ने चुनाव आयोग को लेकर एक तीखा राजनीतिक संदेश दिया है। पार्टी के आधिकारिक एक्स अकाउंट @INCIndia पर साझा किए गए एक वीडियो पोस्ट में चुनाव आयोग के आयुक्तों को सीधे संबोधित करते हुए कहा गया, “चुनाव आयोग के कमिश्नर एक बात अच्छी तरह से समझ लीजिए… भारत के युवा आपको एक्सपोज़ करेंगे, छोड़ेंगे नहीं।” पोस्ट के साथ कांग्रेस नेता राहुल गांधी का एक वीडियो भी साझा किया गया है। उसमें उन्होंने चुनाव आयोग और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी है।
चुनाव आयोग के कमिश्नर एक बात अच्छी तरह से समझ लीजिए ????
— Congress (@INCIndia) September 25, 2026
भारत के युवा आपको expose करेंगे - छोड़ेंगे नहीं ???? pic.twitter.com/nAMHtK7IJ3
‘वोट चोरी’ के आरोपों के बीच बढ़ा विवाद
राहुल गांधी पिछले कुछ दिनों से चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया को लेकर सवाल उठा रहे हैं। यह विवाद उस समय और बढ़ गया, जब एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया कि चुनाव आयोग के दो आयुक्तों ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) यानी मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण से जुड़े कुछ फैसलों पर पिछले 10 महीनों में कई बार लिखित आपत्तियां दर्ज कराई थी। राहुल गांधी ने हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस मुद्दे को उठाते हुए इसे “वोट चोरी, कानून चोरी और संस्था चोरी” बताया था। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग भी की और कहा था कि इस पूरी प्रक्रिया में शामिल लोगों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।

युवाओं और छात्रों को जोड़ने की रणनीति
कांग्रेस इस मुद्दे को युवाओं और छात्रों के बीच भी प्रमुखता से उठा रही है। पार्टी का कहना है कि मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियां लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती हैं और युवा वर्ग इस विषय पर पारदर्शिता की मांग कर रहा है। वहीं, विपक्षी दलों का आरोप है कि चुनाव आयोग के भीतर मतभेद होने के बावजूद कुछ फैसले एकतरफा तरीके से लिए जा रहे हैं। दूसरी ओर, चुनाव आयोग का पक्ष रहा है कि मतदाता सूची से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं निर्धारित नियमों और कानूनी प्रावधानों के तहत पूरी की जा रही हैं। कांग्रेस के इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।