डेस्क:
इटली का एक व्यक्ति एक साथ कोरोना, मंकीपॉक्स औऱ HIV संक्रमित पाया गया है। यह दुनिया का पहला ऐसा मामला है। गले में खराश, सिरदर्द, थकावट, बुखार और जलन की शिकायत के बाद टेस्ट में यह हैरान करने वाली बात सामने आई है। कहा जा रहा है कि शख्स को तीनों ही बीमारियां स्पेन जाने के बाद हुई थी जहां उसने कई पुरुषों के साथ असुरक्षित संबंध बनाए थे।

5 दिनों के ट्रिप पर स्पेन गया था युवक
जर्नल ऑफ इन्फेक्शन के रिर्पोट के मुताबिक, इस शख्स की उम्र 36 साल है। हालांकि युवक के नाम का खुलासा नहीं किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, वह शख्स 5 दिनों के ट्रिप पर स्पेन गया था। युवक स्पेन में 16 से 20 जून तक रहा था। वहां से लौटने के 9 दिनों बाद उसमें ये सारे लक्षण दिखने लगे। लक्षणों के तीसरे दिन यानि 2 जुलाई को शख्स के कोविड 19 से संक्रमित होने की पुष्टि हो गई। उसके चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में दाने उभरने लगे। कुछ दिनों बाद ये दाने फफोले बन गए।
घबराकर वह शख्स अस्पताल के इमर्जेंसी डिपार्टमेंट में पहुंचा और और उसके बाद उसे संक्रमण रोग विभाग में रेफर कर दिया गया। टेस्ट रिपोर्ट में मंकीपॉक्स और एचआईवी संक्रमण भी कन्फर्म हो गया है। SARS-CoV-2 जीनोम की सीक्वेन्सिंग में यह पता चला कि उन्हें ओमिक्रॉन के सब-वैरिएंट BA.5.1 का संक्रमण हुआ है, जबकि उन्हें फाइजर की वैक्सीन की दोनों डोज दी गई थी।

देश में मंकीपॉक्स के कुल 10 मामले
Monkeypoxmeter.com के डेटा के अनुसार दुनिया में मंकीपॉक्स के मामलों की कुल संख्या 48 हजार 54 हो गई है। यह बीमारी अब तक 102 देशों में फैल चुकी है। इससे ग्रस्त टॉप 10 देशों में ब्रिटेन, स्पेन, अमेरिका, जर्मनी, फ्रांस, पुर्तगाल, कनाडा, नीदरलैंड्स, इटली और ब्राजील हैं। वहीं अगर बात भारत की करें तो भारत में अबतक मंकीपॉक्स के कुल 10 मामले सामने आए है जिसमें से एक की इससे मौत भी हुई है।