logo

UP के अमरोहा में एक ही परिवार के 5 बच्चों की मौत, वजह! अंगीठी जलाकर सोए थे

ोसीदपो.jpg

अमरोहा में घर के अंदर सो रहे पांच लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि सोमवार रात पूरा परिवार खाना खाकर सोया था। जब मंगलवार शाम तक घर से कोई नहीं निकला तब मोहल्ले वालों ने गेट तोड़कर अंदर जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए। पड़ोसियों ने अंदर जाकर बेसुध पड़े लोगों को बाहर निकाला। घटना थाना सैद नगली के गांव ढकका मोड़ की है। जहां के रहने वाले रईसुद्दीन के घर पर सोमवार रात करीब आठ बजे उसकी पत्नी सहित उसके तीन बच्चे व दो रिश्तेदारों के बच्चे खाना खाकर सो गए थे, लेकिन वह मंगलवार की शाम तक नहीं उठे। जिसके बाद जब लोगों ने उनके घर का दरवाजा तोड़ा तो घर के अंदर का नजारा कुछ और ही था।  


ऑक्सीजन की कमी से मौत 
रईसुद्दीन के तीन बच्चे और दो रिश्तेदारों के बच्चे सहित पांच बच्चों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि रईसुद्दीन और उसकी पत्नी की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिनको इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है. मामले की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह और भारी पुलिस बल के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और वैधानिक कार्रवाई की गई। जिलाधिकारी राजेश कुमार त्यागी ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऑक्सीजन की कमी के कारण मौत हो सकती है क्योंकि अंगीठी में इन लोगों ने कमरे में कोयला जला रखा था जिसके कारण ऑक्सीजन की कमी होने के कारण मौत हुई होगी। 


घर के अंदर भरा हुआ था धुआं
रात में अंगीठी से निकला धुआं पूरे घर में भर गया। मंगलवार सुबह से शाम तक जब पड़ोस के लोगों को घर में हलचल नहीं दिखाई दी तो लोगों को अनहोनी का शक हुआ। जब लोगों ने दरवाजा तोड़कर देखा तो घर में धुआं भरा हुआ था और बिस्तर पर परिवार के लोग पड़े थे। आनन-फानन में लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाया, जहां पांच लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि दो को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कर इलाज शुरू किया।