logo

राष्ट्रपति चुनाव : द्रौपदी मुर्मू के लिए हुई असम से सबसे ज्यादा क्रॉस वोटिंग, खुली विपक्षी एकता की पोल

murmu.jpg

डेस्क:
NDA की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू(Draupadi murmu) देश की 15वीं राष्ट्रपति बन गई हैं। मुर्मू को कुल 64.03 प्रतिशत वोट मिले। पक्ष में मिले मत बताते है उनके लिए काफी भारी संख्या में क्रॉस वोटिंग(Cross voting) हुई हैं। बीजेपी नेताओं का दावा है कि सौ से भी अधिक विपक्षी विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है। मतदान में 17 सांसदों ने भी क्रॉस वोटिंग की है। सबसे अधिक क्रॉस वोटिंग असम में हुई है। असम(Assam) के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा(Hemanta vishwasharma) ने बताया कि राज्य में एनडीए के 79 विधायक हैं। वहां विपक्ष के 25 विधायकों ने मुर्मू को वोट दिया है। असम में मुर्मू को कुल 104 वोट मिले। असम कुल विधायकों की संख्या 126 है। जिसमें से 124 विधायकों ने इस चुनाव में मतदान किया और दो विधायकों ने किसी कारण मतदान नहीं किया। 

मध्यप्रदेश रहा दूसरे नंबर पर
मध्य प्रदेश क्रॉस वोटिंग के मामले में दूसरे नंबर पर रहा। बीजेपी के मध्य प्रदेश में 130 विधायक हैं और कांग्रेस के 96  वहां द्रौपदी मुर्मू को 146 और यशवंत सिन्हा को 79 विधायकों ने वोट दिया। मतलब 16 विधायकों ने क्रॉस वोट किया। ऐसे में स्पष्ट है कि मध्यप्रदेश में भी द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में जबर्दस्त क्रॉस वोटिंग हुई।

तीन राज्यों से यशवंत सिन्हा को नहीं मिला एक भी वोट 
राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू को हर राज्य से वोट मिला जबकि यशवंत सिन्हा को आंध्र प्रदेश, नागालैंड और सिक्किम से कोई वोट नहीं मिला। पश्चिम बंगाल में बीजेपी के 77 विधायक जीत कर आए थे। आठ टीएमसी में चले गए। बाकी बचे 69 विधायकों को वहां द्रौपदी मुर्मू को 71 विधायकों ने समर्थन दिया यानी दो वोट अतिरिक्त मिले। 

झारखंड से भी यशवंत सिन्हा के खिलाफ हुई वोटिंग 
झारखंड यशवंत सिन्हा का गृह राज्य है। झारखंड में 81 में से केवल 9 विधायकों के वोट मिले। वहां बड़ी संख्या में कांग्रेस के विधायकों ने मुर्मू को वोट दिया। जबकि द्रौपदी मुर्मू को अपने गृह राज्य ओडीशा में 147 में से 137 विधायकों के वोट हासिल हुए। महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे को विश्वास मत में 164 विधायकों का समर्थन मिला था जबकि द्रौपदी मुर्मू को वहां 181 विधायकों का वोट मिला। शिवसेना के दोनों गुटों ने उन्हें वोट दिया और कुछ विपक्षी दलों के विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की।

राज्यवार क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों की संख्या इस तरह है -

असम - 25
मध्य प्रदेश - 16
महाराष्ट्र - 16
गुजरात - 10
झारखंड - 10
छत्तीसगढ़ - 6
बिहार - 6
मेघालय - 7
गोवा - 4
हिमाचल प्रदेश - 2
हरियाणा और अरुणाचल प्रदेश 1-1