logo

कोलकाता : मोबाइल गेमिंग ऐप कंपनी के प्रमोटर्स के ठिकानों से ED ने जब्त किये 17 करोड़ कैश

ed_1.jpg

कोलकाता:
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शनिवार को कोलकाता (Kolkata) में मोबाइल गेमिंग ऐप कंपनी (Mobile Gaming App Company) के प्रमोटर्स के 6 ठिकानों पर छापेमारी की। इस छापेमारी में अबतक 17 करोड़ रुपये जब्त किए हैं। जिसमें 2000, 500 और 200 रुपये के भारी मात्रा में नोट मिले है। बता दें कि ये छापेमारी मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (Money Laundering Act) के तहत की जा रही है।

नोट गिनने के लिए 5 मशीनें मंगवाई
ED की कार्रवाई मोबाइल गेमिंग ऐप कंपनी ‘ई-नगेट्स’ और इसके प्रमोटर आमिर खान और अन्य के ठिकानों की गई। मिली जानकारी के अनुसार छापेमारी में ED के हाथ इतने पैसे लगे की नोट गिनने के लिए 5 मशीनें मंगवाई गई। साथ ही बैंक स्टाफ को मौके पर बुलवाया गया। इसके बाद नोटों को गिनने की कार्रवाई शुरू हुई। बता दें कि ईडी की टीमें शनिवार सुबह साल्ट लेक एजेंसी के केंद्र सरकार के कार्यालय परिसर से छापेमारी अभियान के लिए निकली। टीम के साथ केंद्रीय सशस्त्र बलों के जवान भी मौजूद रहे।

मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत तलाशी
प्रवर्तन निदेशालय के आधिकारिक बयान के मुताबिक आमिर खान के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। आमिर ने गेमिंग एप्लीकेशन ई नगैट्स (E- Nuggets) बनाई थी। इसे जनता को धोखा देने के मकसद से डिजाइन किया गया था। पहले लोगों को इसके जरिए कमीशन दिया जाता था। इसी के बल पर खान ने कई लोगों से करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी की थी। आमिर और अन्य के खिलाफ कोलकाता पुलिस ने पार्क स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में IPC की धारा 420, 406, 409, 468, 469, 471, 34 के तहत 15 फरवरी 2021 में FIR नं -30 दर्ज की थी। ईडी के अधिकारियों के मुताबिक आमिर पर ये FIR फेडरल बैंक के अधिकारियों की अदालत में दायर शिकायत पर दर्ज की गई। फेडरल बैंक के अधिकारियों ने ये शिकायत एलडी की अदालत में मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कोलकता की थी।

कहां-कहां हुई छापेमारी
पहली टीम पार्क स्ट्रीट थाना क्षेत्र के 34 मैकलॉड स्ट्रीट में एक वकील के आवास पर पहुंची। दूसरी टीम ने गार्डन रीच में शाही अस्तबल लेन के व्यापारी निसार अली के घर छापेमारी के लिए पहुंची। यहां उन्हें एक बड़े ट्रंक में नोट रखे मिले। नोट इतने अधिक थे कि ईडी को इसे गिनने के लिए मशीन मंगानी पड़ी। ईडी को व्यापारी के पास इस नकदी के सोर्स को लेकर कोई वाजिब जानकारी नहीं मिली। ईडी की तीसरी टीम अभी मयूरभंज (Mayurbhanj) इलाके में छापेमारी के लिए पहुंची। गौरतलब है कि दो महीने से भी कम वक्त में कोलकाता में नकदी की ये तीसरी बरामदगी है।