द फॉलोअप डेस्क
दिल्ली में हुए कथित शराब घोटाला मामले में अब ED ने आप नेता दुर्गेश पाठक को समन किया है। मिली खबर के मुताबिक दुर्गेश आज ही जांच एजेंसी के समक्ष पेश होंगे। बता दें कि इसी मामले में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल न्यायिक हिरासत में हैं। उनको तिहाड़ जेल में रखा गया है। वहीं, दिल्ली आबकारी नीति मामले में गड़बड़ी के आरोप में दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को भी जेल की सलाखों के पीछे डाल दिया गया है। पार्टी ने इन गिरफ्तारियों के पीछे केंद्र की साजिश बताया है और कहा है दिल्ली की आप सरकार को गिराने के लिए ED का इस्तेमाल किया जा रहा है।

क्यों बुलाया गया दुर्गेश को
मिली खबर के मुताबिक दुर्गेश से ED गोवा चुनाव के दौरान उनकी भूमिका के बारे में पूछताछ कर सकती है। ED ने पहले ही कहा है कि 2021-22 के गोवा के चुनाव के दौरान कार्यकर्ताओं को कैश रकम बांटी गयी। ये रकम दिल्ली के कथित शराब घोटाला से अर्जित की गयी। आऱोप है कि आप पार्टी के नेताओं ने साउथ ब्लाक से 45 करोड़ की रिश्वत ली औऱ बदले में आबकारी नीति के प्रावधानों में बदलाव किये गये। एक अधिकारी ने गुप्त रूप से सूचना दी है कि गोवा चुनाव के बारे में जांच एजेंसी ने अलग-अलग लोगों के जो बयान दर्ज किये हैं, उनमें से एक बयान में दुर्गेश पाठक का नाम लिया गया है। ED इसीलिए उनसे पूछताछ करना चाहती है।

बीजेपी पर लगाये ये आरोप
इधर, आप के नेता गोपाल राय ने कहा कि बीजेपी एक षड्यंत्र के तहत आप को खत्म करना चाहती है। अब एक-एक करके तथ्य सामने आने लगे हैं। फ़र्ज़ी शराब घोटाले की चक्रव्यूह रचना बहुत सोच समझकर की गई थी। फ़र्ज़ी गवाहों का BJP के साथ पैसे का रिश्ता निकल रहा है, किसी के साथ इलेक्शन टिकट का रिश्ता निकल रहा है। मीडिया में भी इन बातों का जिक्र कम ही किया जा रहा है। बहरहाल, खबर है कि ED ने अरविंद केजरीवाल के पीए से भी इस मामले में पूछताछ की है।

हमें फॉलो करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें -
https://chat।whatsapp।com/H6JHUZV9z0LIcfjbcYlVDn