logo

यात्रीगण कृपया ध्यान दें : वंदे भारत सहित इन ट्रेनों के किराए में 25 प्रतिशत तक आएगी कमी, रेलवे ने जारी किया आदेश

vande_bharat5.jpg

द फॉलोअप डेस्क
अगर आप रेलवे से सफर करते हैं तो आपके लिए एक अच्छी खबर है। वंदे भारत सहित अन्य ट्रेनों की किराए में 25 प्रतिशत तक कमी आएगी। इसे लेकर रेलवे बोर्ड ने आदेश जारी कर दिया है।बोर्ड ने कहा है कि वंदे भारत और अनुभूति तथा विस्टाडोम वाली सभी ट्रेनों की कार और एक्जीक्यूटिव श्रेणी के किराए में यात्रियों की संख्या के आधार पर 25 से तक की कटौती की जाएगी। रेलवे ने कहा कि किराए में यह कमी ट्रेनों में सीट भरने के आधार पर की जाएगी। इसके अलावा किराया परिवहन के प्रतिस्पर्धी साधनों पर भी निर्भर करेगा। रेल सेवाओं के अधिकतम इस्तेमाल को देखते हुए रेल मंत्रालय ने रेलवे जोन्स के चीफ कमर्शियल मैनेजर्स को पावर दी है। 


 

पहले से बुक किए यात्रियों का किराया नहीं किया जाएगा वापस
रेलवे बोर्ड के आदेश में कहा गया है, "अनुभूति और विस्टाडोम बोगियों समेत एसी सीट वाली सभी ट्रेन की एसी चेयर कार और एग्जीक्यूटिव श्रेणी में यह योजना लागू होगी।"रेलवे ने कहा है कि 25 प्रतिशत की छूट मूल किराये पर मिलेगी। इसके अलावा अन्य शुल्क जैसे आरक्षण शुल्क, सुपर फास्ट सरचार्ज, जीएसटी, आदि, ये सब वर्तमान की तरह ही लिए जाएंगें। रेलवे बोर्ड ने कहा कि यह छूट तत्काल प्रभाव से लागू की जाएगी। हालांकि, रेलवे ने कहा है कि पहले से टिकट बुक करा चुके यात्रियों का पैसा वापस नहीं किया जाएगा।


रियायत व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू 
आदेश में यह भी कहा गया है कि पिछले 30 दिन के दौरान 50 प्रतिशत कम यात्रियों के सफर करने पर यह आदेश जारी किया गया। इसमें कहा गया है कि किराए में रियायत पर फैसला करते हुए परिवहन के प्रतिस्पर्धी माध्यमों के किराए को ध्यान में रखा जाएगा। आदेश के अनुसार, "रियायत व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू की जाए। पहले से सीट बुक करा चुके यात्रियों को किराया नहीं लौटाया जाएगा।" जिन ट्रेन में किसी खास श्रेणी में किराए में वृद्धि-कमी की व्यवस्था लागू होती है और यात्रियों की संख्या कम रहती है। वहां यात्रियों की संख्या बढ़ाने की कवायद के रूप में इस योजना को शुरुआती दौर में वापस लिया जा सकता है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि छुट्टियों या त्योहारों के मौसम में चलाई जाने वाली विशेष ट्रेन पर यह योजना लागू नहीं होगी।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N