logo

Farmers Movement : किसानों का दिल्ली कूच आज, राजधानी में धारा 144; केंद्र ने और क्या की है तैयारी 

FARMER193.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज दिल्ली कूच करने को लेकर आंदोलनकारी किसान पंजाब औऱ हरियाणा के बॉर्डर पर जमा होने लगे हैं। इसे देखते हुए दिल्ली में धारा 144 लागू कर दी गयी है। इधर, पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि हम दिल्ली के किसी भी स्थान पर कोई जमावड़ा नहीं लगने देंगे। बता दें कि आंदोलनकारी किसान दिल्ली के रामलीला मैदान प्रदर्शन करने और 14 मार्च को वहां महापंचायत करने की घोषणा पहले ही कर चुके हैं। इस घोषणा के बाद दिल्ली और केंद्र सरकार चौकस हो गयी है। मिली खबर के मुताबिक पुलिस अधिकारी सुरक्षा बलों के दिल्ली से लगी सीमाओं पर कल .यानी मंगलवार रात से कैंप किये हुए हैं। खनौरी और शंभू बॉर्डर पर बैरिकेडिंग के कारण ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती जा रही है। 

10 मार्च को रेल रोको कार्यक्रम 

आंदोलन में शामिल संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा है कि 14 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में महापंचायत के पहले 10 मार्च को देशव्यापी रेल रोको आंदोलन किया जायेगा। मोर्चा से मिली खबरों के मुताबिक ये रेल चक्का जाम कार्यकर्म आधे दिन का हो सकता है। वहीं, राष्ट्रीय किसान मजदूर के नेताओं ने कहा है कि हम शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाना चाहते हैं। सरकार के साथ टकराव का हमारा कोई इरादा नहीं है। लेकिन अगर सरकार सख्ती बरतती है तो हम अपनी रणनीति बदलने पर विचार कर सकते हैं। बता दें कि अकेले संयुक्त मोर्चा में ही कम से कम 500 छोटे बड़े किसान संगठन शामिल हैं। 

आंदोलन के दौरान हो चुकी हैं 4 मौतें
2 मार्च को किसानों ने आरोप लगाया था कि पुलिस ने आंदोलनकारी किसानों पर आंसू गैस छोड़ने के लिए इजरायल से ड्रोन मंगवाए। साथ ही उन्होंने कहा कि आंदोलन की दौरान हुई 4 लोगों की मौत के लिए हरियाणा और पंजाब की पुलिस जिम्मेदार है। वहीं, किसानों ने दिल्ली कूच करने का कार्यक्रम 5 मार्च तक टाल दिया था। लेकिन इस बीच किसान खनौरी और शंभू बॉर्डर पर जमे रहे। दिल्ली से लगी सीमा पर केरल, उत्तर प्रदेश और राजस्थान से किसानों के पहुंचने की खबर है।  

 

 

हमें फॉलो करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें -

https://chatwhatsappcom/H6JHUZV9z0LIcfjbcYlVDn