logo

दिल्ली : सांसद निशिकांत दुबे के शिकायत के बाद देवघर DC मंजूनाथ भजंत्री के खिलाफ शून्य प्राथमिकी दर्ज, राजद्रोह का आरोप

nishikant_dc2.jpg

दिल्ली:
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता एवं सांसद निशिकांत दुबे (Nishikant Dubey) की शिकायत के बाद दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने झारखंड के देवघर जिले के डीसी मंजूनाथ भजंत्री (DC Manjunath Bhajantri) और कुछ अन्य पुलिस अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इन पर राजद्रोह के आरोपों एवं सरकारी गोपनीयता कानून के तहत जीरो प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह प्राथमिकी दिल्ली के नॉर्थ एवेन्यू पुलिस थाने (North Avenue Police Station Delhi) में दर्ज की गई है। 

झारखंड पुलिस अधिकारियों ने रोका और जान से मारने की धमकी दी- निशिकांत दुबे
नॉर्थ एवेन्यू पुलिस थाने में दर्ज की गई दिल्ली पुलिस की जीरो प्राथमिकी के अनुसार निशिकांत दुबे ने कहा है कि 31 अगस्त को मैं और मनोज तिवारी दिल्ली के लिए उड़ान भरने के लिए देवघर हवाई अड्डा पहुंचे थे। लगभग 5:25 मिनट पर हवाई अड्डे पर चेकिंग करने के बाद मैंने हवाई अड्डे के निर्देशक से मिलने और विमानों की रात में उड़ान भरने और उतरने की सुविधा को लेकर झारखंड उच्च न्यायालय में चल रहे मामले के बारे में जानकारी लेने का फैसला किया। मुझे झारखंड पुलिस अधिकारियों ने रोक दिया और उन्होंने मेरे दो बेटों को अपशब्द भी कहे। उन्होंने मुझे जान से मारने की धमकी भी दी और उन्होंने आरोप लगाया है कि देवघर के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर ऐसा किया गया।

3 सितंबर को नौ लोगों के खिलाफ किया गया था प्राथमिकी दर्ज
बता दें कि इससे पहले 3 सितंबर को गोंडा सांसद निशिकांत दुबे, सांसद मनोज तिवारी समेत नौ लोगों के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी। गौरतलब है कि  ये सभी लोग अंकिता मामले में परिजनों से मिलने चार्टर्ड प्लेन से देवघर एयरपोर्ट पहुंचे थे। एयरपोर्ट से शाम 6 बजे तक ही उड़ान की इजाजत थी लेकिन, सांसद पर जबरन शाम 5 बजकर 30 मिनट पर क्लियरेंस लेने का आरोप है। जिसके बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा का हवाला देते हुए अधिकारी ने शिकायत दर्ज कराई थी।  शिकायत में कहा गया है कि सभी नौ लोगों ने देवगढ़ हवाई अड्डे पर ATC कक्ष में प्रवेश कर और विमान के उड़ान भरने के लिए जबरन अनुमति लेकर ‘सुरक्षा मानकों’ का कथित उल्लंघन किया।