logo

मीथेन गैस से भरे 100 फीट गहरे कुएं में गिरी महिला, जान पर खेलकर निकाल लाए फायरमैन अमरजीत

a3516.jpg

द फॉलोअप डेस्क:

एक महिला मीथेन गैस से भरे 100 फीट गहरे कुएं में जा गिरी। दमकल विभाग में कार्यरत अमरजीत चौधरी अपनी  जान पर खेलकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल आए। अपनी जान की परवाह किए बिना महिला को सकुशल रेस्क्यू करने में अदम्य साहस का परिचय देने वाले फायरमैन अमरजीत चौधरी को आगरा के पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने सम्मानित किया। पूरी घटना 8 जून की है जब आगरा के खेड़ा राठौर थानाक्षेत्र अंतर्गत कासगंज गांव में एक महिला 4 फीट चौड़े और 100 फीट गहरे कुएं में जा गिरी थी। कुआं काफी गहरा था और आमतौर पर सूखा हुआ था। 

 

दमकल विभाग का सराहनीय प्रयास
स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना दमकल विभाग और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग के कर्मचारी वाटर मिस्ट इक्विपमेंट और एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने पहले शीशे की मदद से महिला को देखा और जब उसकी हलचल दिखाई दी तो रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अंदर कुएं में जहरीली गैस के रिसाव का भी खतरा था, इसलिए दमकल कर्मियों ने पहले रस्सी के सहारे मोमबत्ती को बांधकर नीचे उतारा, जिससे भीतर मीथेन गैस की मौजूदगी की पुष्टि हुई। इस गैस को कम करने के लिए कम से कम 10 बार पानी का छिड़काव किया गया। 

आगरा पुलिस कमिश्नर ने किया सम्मानित
जब मीथेन गैस का स्तर लगभग 60 फीट नीचे चला गया और उसका असर  भी कम हो गया तो फायरमैन  अमरजीत चौधरी ब्रीदिंग अपरैटस की सहायता से कुएं में उतरे और महिला को सुरक्षित निकाल लाए। महिला अब खतरे से बाहर हैं। अमरजीत चौधरी की इस बहादुरी के  लिए उनको आगरा के पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने सम्मानित किया। 
 

Tags - UP NewsRescue Operationmethane gasKasganjAgara