रांची
झारखंड में बेमौसम की बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बता दें कि झारखंड के कई हिस्सों में चक्रवाती तूफान मिचौंग के कारण इन दिनों बारिश हो रही है। इससे धान और सब्जी की फसलों को नुकसान होने की आशंका है। सबसे अधिक जिन फसलों को नुकसान होने की आशंका है, उनमें धान और आलू के साथ मौसमी सब्जियों की फसल है। इस साल लेट मानसून के कारण राज्य में धान की बुआई में विलंब हुआ है। झारखंड के एक बड़े हिस्से में धान की फसल पक कर तैयार है। अब इनकी कटाई होनी है। ठीक इसी समय बारिश होने से इन खेतों के किसान अब परेशानी में पड़ गये हैं। जिन किसानों ने धान की फसल को काटकर खलिहान में रखा है, उनके भी बारिश में भींगकर खराब होने की आशंका जतायी जा रही है।

आलू की फसल भी हो सकती है खराब
रांची जिले के आसपास खेती करने वाले कुछ किसानों ने बताया कि मिचौंग तूफान के कारण हुई बारिश ने धान की फसल को बर्बाद कर दिया है। ऊंचाई पर के खेतों में तो धान की कटाई हो चुकी है, लेकिन नीचे की सतह पर वाले खेतों में अभी भी धान फसल तैयार पड़ी हुई है। वे बारिश के कारण इसकी कटाई नहीं कर पा रहे हैं। वहीं, आलू और सेम आदि मौसमी सब्जियों की खेती करने वाले किसानों ने बताया कि बारिश में आलू की फसल को पाला मारने का खतरा बढ़ गया है। इसी के साथ प्याज, टमाटर, गाजर और गोभी की फसलों को भी नुकसान पहुंच रहा है।

बढ़ सकती हैं सब्जी की कीमतें
हालांकि कृषि विशेषज्ञों की ओऱ से किसानों को आलू की फसल में कीटनाशक के छिड़काव की सलाह दी गयी है। इससे कीट और बारिश से होने वाले नुकसान को कम किया जा सकता है। बहरहाल, किसानों के मुताबिक इस साल सब्जियों की खेती कम होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। ऐसा हुआ तो इसका सीधा असर बाजार पर पड़ेगा। प्याज की कीमत पहले से बढी हुई है। अब इसकी फसल को नुकसान होने के काऱण कीमत और बढ़ेगी।
