द फॉलोअप डेस्क
कर्नाटक (Karnataka) के पूर्व CM जगदीश शेट्टर (Jagadish Shettar) कांग्रेस छोड़कर फिर से BJP में शामिल हो गये हैं। शेट्टर ने पिछले साल अप्रैल महीने में BJP को त्यागकर कांग्रेस की सदस्यता ले ली थी। कांग्रेस ने उनको विधासभा चुनाव में हुबली-धारवाड़ से अपना उम्मीदवार बनाया था। लेकिन वे चुनाव हार गये और कांग्रेस ने उनको एमएलसी बना दिया था। शेट्टर ने दिल्ली के BJP मुख्यालय में दोबारा से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस समय गृहमंत्री अमित शाह, पूर्व सीएम येदियुरप्पा और कर्नाटक BJP के अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र मौजूद रहे।

कौन हैं जगदीश शेट्टर
कर्नाटक का सीएम रह चुके जगदीश शेट्टर प्रमुख लिंगायत नेता के रूप में जाने जाते हैं। वे बीएस युदियुरप्पा के करीबी रहे हैं। उनका जन्म और आरंभिक पढ़ाई राज्य के केरुर शहर में हुई है। उनके सिसायी सफर की शुरुआत 80 के दशक में हुई जब उन्होंने जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। वे छह बार विधायक चुने गये और 2012 में वे कर्नाटक के सीएम भी बने। हालांकि एक साल के बाद ही 2013 में उनको त्यागपत्र देना पड़ा। 1994 में उन्होंने BJP का दामन थाम लिया था।

BJP में जाने के बाद क्या कहा शेट्टर ने
BJP की दोबारा सदस्यता लेने के बाद शेट्टर ने मीडिया में बयान दिया कि उन्होंने दिल्ली में अमित शाह और येदियुरप्पा से मुलाकात की। कहा कि आज देश को पीएम मोदी के जैसे नेता और नेतृत्व की जरूरत है। इसीलिए उन्होंने फिर से BJP का दामन थामा है। कहा, मेरे अनुभव और कार्यशैली के अनुरूप BJP की भी सोच है। वे राज्य और देश के विकास के लिए पीएम मोदी के नेतृत्व में काम करेंगे।
