logo

भोपाल के बालिका गृह से 26 लड़कियां गायब, झारखंड समेत इन राज्यों की बच्चियां हैं लापता 

bhopal.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक बालिका गृह में रहने वाली 26 लड़कियां अचानक से गायब हो गयी हैं। इन लड़कियों में झारखंड के अलावा औऱ जिन राज्यों की लड़कियां शामिल हैं वे हैं मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात। मध्य प्रदेश की लड़कियां सीहोर, छिंदवाड़ा, बालाघाट आदि शहरों की बतायी जाती हैं। पुलिस ने शुरुआती पड़ताल के बताया है कि बाल गृह का संचालन अवैध तरीके से हो रहा था। यहां लड़कियों को रखने के लिए सरकार से अनुमति नहीं ली गयी थी। लड़कियों के गायब होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। दूसरी ओर बाल गृह प्रबंधन ने भी इस मामले में चुप्पी साध ऱखी है। 

पूर्व सीएम ने किया ट्विट

मीडिया में घटना के सामने आने के बाद मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ट्विट किया है। उन्होंने लिखा है कि भोपाल के परवलिया इलाके में बालिका गृह से 26 लड़कियों के गायब होने की सूचना मिलने से मर्माहत हूं। मामला मेरे संज्ञान में आया है और मैं आशा करता हूं कि पुलिस जल्दी से जल्दी दोषियों को गिरफ्तार करेगी औऱ लड़कियों की सुरक्षित घर वापसी होगी। उन्होंने पुलिस से मामले में त्वरित एक्शन लेने का आग्रह किया है। बहरहाल मिली खबर में बताया गया है कि बलिका गृह में कुल 41 लड़कियां महीनों से रह रही थीं। इनमें से 26 के गायब होने की खबर है। 

बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने लिया संज्ञान में 

लड़कियों के गायब होने के बाद राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग सक्रिय हो गया है। आयोग ने इस संबंध में राज्य सरकार से तुरंत कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ राष्ट्रीय बाल आयोग के अध्यक्ष प्रियंक कानूनगो ने मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर मामले में कार्रवाई के लिए कहा है। खबर है कि चर्चे में आया बालिका गृह का संचालन एक एनजीओ की ओऱ से किया जा रहा था। इसके संचालन के लिए न तो कानूनी प्रक्रिया पूरी की गयी थी न ही सरकार से इसके लिए मंजूरी ली गयी थी।