द फॉलोअप,बंगाल
पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद अब सभी की निगाहें राज्य में भाजपा के मुख्यमंत्री चेहरे और शपथ ग्रहण की तारीख पर टिक गई हैं। इसी सवाल का जवाब देते हुए राज्य भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने बड़ा अपडेट दिया है, उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को आयोजित किया जाएगा।

राजनीतिक हलकों में हलचल तेज
समिक भट्टाचार्या के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी नेतृत्व मुख्यमंत्री के नाम को लेकर मंथन में जुटा हुआ है। केंद्रीय नेतृत्व की सहमति के बाद विधायक दल की बैठक में औपचारिक रूप से नेता का चयन किया जाएगा। इसके बाद राज्यपाल को सरकार गठन का दावा पेश किया जाएगा।

आजादी के बाद बार भाजपा सरकार
बताया जा रहा है कि शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने की तैयारी है। माना जा रहा है कि इस मौके पर पार्टी के शीर्ष नेता, केंद्रीय मंत्री और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हो सकते हैं। इसे भाजपा अपनी बड़ी राजनीतिक उपलब्धि के रूप में पेश करने की रणनीति पर काम कर रही है। बता दें कि बंगाल में आजादी के बाद ये पहली बार होगा कि भाजपा की सरकार यहां बनेगी। हालांकि इसे लेकर भाजपा को कई चुनौतियों का भी सामना करना पड़ेगा। जिसमें कानून-व्यवस्था, प्रशासनिक संतुलन और पार्टी नेताओं द्वारा चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करना होगा। इसे नई सरकार की प्राथमिकता में शामिल करना होगा। फिलहाल, 9 मई की तारीख तय होने के साथ ही बंगाल में सत्ता परिवर्तन का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। अब सबकी नजरें इस ऐतिहासिक राजनीतिक घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं।