कुल्लू:
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में रविवार रात भीषण हादसा हुआ। यहां पर्यटकों से भरी एक टेंपो-ट्रैवलर खाई में गिर गई है। वाहन में सवार 17 लोगों में से हादसे में 7 की मौत हो गई वहीं 10 गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जानकारी ग्रामीणों द्वारा पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और राहत बचाव कार्य शुरू किया।

गिलोरी पास से घियागी की तरफ लोग
घटना रविवार रात करीब 8:45 मिनट की है। टेंपो ट्रैवलर गिलोरी पास से घियागी की तरफ जा रहा था। इस दौरान ड्राइवर का नियंत्रण खो गया और वाहन गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे जिसके बाद ग्रामीणों ने ही पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने बचाव अभियान चलाया। पुलिस ने सातों शव बरामद कर लिए हैं। मरने वालों में 5 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं।

बंजार से विधायक ने किया फेसबुक पोस्ट
वहीं, घायलों में से 5 को कुल्लू के जोनल अस्पताल में और 5 को बंजर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों को पहले बंजार के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद कुल्लू के एक अस्पताल भेज दिया गया। इस बात की जानकारी बंजार से विधायक एवं भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता सुरेंद्र शौरी फेसबुक पोस्ट के माध्यम से दी।