द फॉलोअप डेस्क
महाराष्ट्र के बुलढाणा में भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां शुक्रवार शाम नागपुर से पुणे जा रही बस डिवाइडर से टकरा गई,जिससे उसमें आग लग गई। बस में आग लगने से 26 लोगों की जलने से मौके पर ही मौत हो गई। बता दें कि बस में कुल 34 लोग सवार थे। वहीं घायलों को इलाज के लिए बुलढाणा के स्थानीय सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना पर महाराष्ट्र सीएम एकनाथ शिंदे ने दुख जताया है। उन्होंने बस दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

पुलिस ने बस से 25 शवों को निकाला
प्रत्यक्षदर्क्षियों का कहना है कि ड्राइवर ने बस पर संतुलन खो दिया था। पहले बस एक लोहे के खंभे से टकराई। फिरड के बीच बने कंक्रीट के डिवाइडर से टकराकर पलट गई। बस बायीं तरफ पलटी, जिससे बस का दरवाजा नीचे आ गया। ऐसे में लोगों के पास बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं था। पलटने से बस का डीजल टैंक फट गया। इससे डीजल सड़क पर फैल गया। इससे आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ लोगों को छोड़ सभी जल गए। पुलिस ने बस से 25 शवों को निकाला है। बुरी तरह जलने से शवों की पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
5-5 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा
महाराष्ट्र के सीएम के ट्विटर पर जारी बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने दुर्घटना पीड़ितों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए घायलों को सरकारी खर्च पर चिकित्सा उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया। बयान में कहा गया कि हादसे की जानकारी मिलते ही हाईवे पर तैनात आपातकालीन चिकित्सा सेवा टीम के साथ ही फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंच गई। बचाव अभियान शुरू कर दिया। घायल यात्रियों को निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।इसके साथ ही उन्होंने मृतकों और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।

अमित शाह ने घटना पर शोक जताया
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घटना पर ट्वीट करते हुए शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा है कि महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में हुआ सड़क हादसा हृदयविदारक है। दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं इस भीषण हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के साथ हैं। प्रशासन द्वारा घायलों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने जताया दुख
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने जताया शोक केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने घटना पर शोक जताते हुए ट्वीट किया कि बुलढाणा जिले के सिंदखेड़ाराजा के पास समृद्धि राजमार्ग पर बस दुर्घटना में 25 लोगों की मृत्यु की घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण, दर्दनाक और दुखद है। दुर्घटना के पीड़ितों को मेरी हार्दिक श्रद्धांजलि। हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। ईश्वर दिवंगत को शांति प्रदान करें। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार के साथ हैं।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N