logo

पत्नी की हत्या कर सूटकेस में पैक की लाश, फिर कॉल कर ससुराल वालों को दी मर्डर की जानकारी 

SUIT.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
कर्नाटक के बेंगलुरु के हुलिमावु इलाके में बुधवार को एक पति ने पत्नी की हत्या की, उसकी लाश को सूटकेस में भरा और बाथरूम में छोड़कर भाग गया। पुणे पहुंचकर उसने अपने ससुरालवालों को फोन करके मर्डर की जानकारी दी। आरोपी भागकर पुणे गया था, वहां गुरुवार शाम उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 26 मार्च को पति राकेश और पत्नी गौरी अनिल सम्बेकर के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी। कुछ ही देर में ये बहस बढ़ गई, आरोपी पति ने पत्नी के पेट में चाकू घोंपा और फिर उसका गला रेत दिया। इसके बाद शव को सूटकेस डालकर बाथरूम में छोड़कर भाग गया।

गौरी के शव पर चोट के निशान- DCP
DCP दक्षिण पूर्व ने सारा फातिमा ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे, हमें कंट्रोल रूम में एक संदिग्ध फांसी के मामले के बारे में कॉल आया। जब हमारे हुलीमावु पुलिस इंस्पेक्टर शिकायत के आधार पर जांच करने के लिए घर पहुंचे, तो दरवाजा बंद था। अंदर घुसने के बाद, उन्हें बाथरूम में एक सूटकेस मिला।


DCP के मुताबिक, सूटकेस खोलने पर उसके अंदर एक महिला का शव मिला, जिस पर चोट के निशान थे। हमने उसके पति का पता लगाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मिला। जब हमने उसका पता लगाया, तो हमें बताया गया कि उसे महाराष्ट्र के पुणे में हिरासत में लिया गया है। हमने अब हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। DCP सारा फातिमा ने कहा- हम यह समझने के लिए आगे की जांच कर रहे हैं कि वास्तव में क्या हुआ था। गौरी के शरीर के टुकड़े नहीं किए गए थे। शव में चोटों के निशान थे। चोटें किस तरह की थी इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी।


घटना का खुलासा कैसे हुआ
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शुक्रवार को पुणे पहुंचकर राकेश ने ही पत्नी गौरी के माता-पिता को फोन किया और बताया कि उनकी बेटी की लाश सूटकेस में है। उसने यह भी कबूल किया कि उसने ही गौरी की हत्या की है। इसके बाद गौरी के माता-पिता ने इसकी जानकारी महाराष्ट्र पुलिस को दी।
महाराष्ट्र पुलिस ने राकेश के फोन को ट्रैक किया और उसे गिरफ्तार किया। साथ ही इसकी जानकारी कर्नाटक की बेंगलुरु पुलिस को दी। जिसके बाद वह घटना स्थल पर पहुंची। मामले में पुलिस आगे जांच कर रही है।


महाराष्ट्र के रहने वाले राकेश और गौरी अनिल सम्बेकर की शादी करीब दो साल पहले हुई थी और हाल ही बेंगलुरु शिफ्ट हुए थे। करीब 2-3 महीने पहले ही दोनों बेंगलुरु के डोड्डाकन्नाहल्ली में किराए के मकान में शिफ्ट हुए थे। राकेश एक प्राइवेट आईटी कंपनी में काम करता था। गौरी ने मास मीडिया और कम्युनिकेशन से ग्रेजुएशन किया हुआ था। फिलहाल नौकरी तलाश रही थी। दोनों के बीच अक्सर झगड़े और मारपीट होती रहती थी।