logo

मां की हत्या कर शव सूटकेस में भरा, फिर गंगा में बहाने चला बेटा; अरेस्ट

sutkesh.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
हरियाणा के हिसार जिले के हांसी की विकास नगर कॉलोनी में मां ने अपने बेटे को पांच हजार रुपये देने से इंकार कर दिया तो बेटे ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। मां की हत्या के बाद आरोपी मां के शव को सूटकेस में डालकर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज पहुंच गया। दारागंज थाने की पुलिस ने युवक को सूटकेस में अपनी मां की लाश के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस रात में संगम की तरफ गई तो वहां एक युवक सूटकेस खींचकर ले जाता दिखा। वह पुलिस को देखकर घबराया तो उसे हिरासत में लेकर पुलिस ने सूटकेस खोला तो उसमें महिला की लाश थी। 


बिहार का रहने वाला है आरोपी 
पूछताछ में पता चला कि पकड़ा गया युवक हिमांशु कुमार बिहार में गोपालगंज का रहने वाला है। यूपी पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर मामला दर्ज किया है। यूपी पुलिस ने मामले की जांच के लिए हांसी पुलिस से संपर्क किया है। यूपी पुलिस हांसी आकर जहां पर आरोपी युवक व उसकी मां किराए पर रहती थी पूरी जानकारी जुटाएगी। हांसी के विकास नगर निवासी रेखा ने बताया कि एक सप्ताह पहले ही हिमांशु और उसकी मां प्रतिभा किराए पर कमरा लेने के लिए आए थे। घर पर मेहमान आए हुए थे इसलिए उसके हिमांशु को दो दिन बाद मिलने की बात कही थी। रेखा ने बताया कि अगले ही दिन शाम को हिमांशु और उसकी मां अपना सामान लेकर उसके घर आ गए। हिमांशु और उसकी मां ने रोते हुए उसे बताया कि मकान मालिक ने उनका कमरा खाली करवा दिया। जिसके कारण अब रात को रहने के लिए उनके पास कोई ठिकाना नहीं है। तरस खा कर रेखा ने उन्हें रात में रुकने के लिए कमरा दे दिया और सुबह उनसे उनकी आइडी देने के लिए कह दिया। बार-बार आइडी मांगने पर भी हिमांशु और उनकी मां ने उन्हें आइडी नहीं दी।


820 किलोमीटर का सफर तय प्रयागराज पहुंचा 
13 दिसंबर को जब मकान मालकिन रेखा अपने काम से वापस घर लौटी तो ऊपर कमरे पर ताला लगा हुआ था। उन्हें फोन लगाया गया तो फोन रिसीव नहीं किया। गुरुवार शाम को जब दोबारा फोन लगाया तो हिमांशु ने फोन उठाया।  रेखा ने जब उसकी मां से बात करवाने की बात कही तो उसने बात टाल दी। रेखा ने बताया कि रात को करीब दो बजे उसके पास यूपी पुलिस का फोन आया। पुलिस ने उसे बताया कि हिमांशु ने उसकी मां की हत्या कर दी है और वह उसकी लाश के साथ पकड़ा गया है। मां की हत्या के बाद आरोपी बेटा अपनी मां के शव का ठिकाने लगाना चाहता था। जिसके चलते वह अपनी मां के शव को सूटकेस में डालकर ट्रेन से 820 किलोमीटर का सफर तय कर प्रयागराज पहुंच गया। उसका इरादा मां के शव को सूटकेस से संगम में प्रवाहित करने का था। मगर इसके पहले ही वह पुलिस के हाथ लग गया। मां प्रतिभा वहां काटन मिल में काम करती थी। 

2 हजार में लिया था कमरा किराए पर
 रेखा के अनुसार मां-बेटा दोनों परेशान रहते थे। बेटा हिमांशु हांसी में ही एक लाइब्रेरी में पढ़ाई करता था और उसकी मां प्रतिभा हवन सामग्री बनाने का काम करती थी। उन्होंने बताया कि वह एक सप्ताह पहले उन्होंने किराए के लिए मकान लिया था। किराए के लिए 2 हजार रुपए में बात हुई थी। परंतु अभी तक ना तो उन्होंने किसी प्रकार की आइडी दी थी और ना ही किराए का एडवांस जमा करवाया था।