द फॉलोअप डेस्कः
कर्नाटक के बेलगावी जिले में एक महिला को नग्न कर गांव में घुमाने और पीटने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि महिला का बेटा गांव की ही एक लड़की को लेकर भाग गया था जिसकी सजा उसकी मां को दी गई। राज्य के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने मंगलवार को बताया कि घटना के संबंध में कार्रवाई की गई है और अब तक सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

7 लोगों को गिरफ्तार किया गया
घटना के बारे में बात करते हुए, जी परमेश्वर ने बताया, ‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि ऐसा हुआ। लगभग 24 साल के एक लड़के को उसी गांव और उसी समुदाय की दूसरी लड़की से प्यार हो गया। वे एक साथ भाग गए थे और प्रतिशोध में लड़की के माता-पिता ने लड़के का घर नष्ट कर दिया और उसकी मां को जबरदस्ती ले गए, उन्हें निर्वस्त्र किया और उसे बिजली के खंभे से बांध दिया। ’’ परमेश्वर ने कहा, ‘‘तुरंत पुलिस वहां पहुंची और (महिला) को बचाया गया। उन्हें अस्पताल लाया गया। हमने मामला दर्ज कर लिया है और लगभग सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आगे की जांच चल रही है. हम यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह लड़का और कहां है.’’ वहीं पुलिस आयुक्त सिद्धरमप्पा ने कहा कि 24 वर्षीय अशोक और 18 साल की प्रियंका को एक दूसरे से प्यार हो गया और दोनों एक ही समुदाय के हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार रात साढ़े 12 बजे के आस पास दोनों घर से भाग गये। इससे नाराज होकर लड़की के माता-पिता और रिश्तेदार लड़के के घर में घुस गये और उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया।

सीएम ने किया पोस्ट
इससे पहले सोमवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में इस घटना पर निराशा व्यक्त की थी। सिद्धारमैया ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘‘बेहद अमानवीय. इसने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है. हमारी सरकार किसी भी कारण से ऐसे घृणित कृत्यों को बर्दाश्त नहीं करेगी। मामले के सिलसिले में पहले ही कई लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना हमारी पूरी जिम्मेदारी है।

बीजेपी करेगी प्रदर्शन
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) विधायक भरत शेट्टी ने बेलगावी की इस घटना के बारे में कहा कि बीजेपी राज्य सरकार की नीतियों और कानून व्यवस्था की स्थिति के खिलाफ बुधवार को जिले में एक बड़ा विरोध प्रदर्शन करने की योजना बना रही है। विरोध की आवश्यकता है, लोगों को यह जानने की ज़रूरत है कि क्या हो रहा है और लोगों को इस सरकार के रवैये को जानने की ज़रूरत है और लोगों के प्रति उनका रवैया क्या है। यह घटना राज्य में कानून और व्यवस्था में सरकार की विफलता को दर्शाती है।
