द फॉलोअप डेस्कः
दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर शादी के दिन दूल्हा बारात लेकर नहीं आया। दूल्हे के परिजनों ने कहा जब तक 10 लाख नहीं मिलेंगे शादी नहीं होगी। पीड़ित लड़की ने राज्य महिला आयोग में शिकायत की। महिला आयोग के निर्देश पर सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दर्ज केस के अनुसार कानपुर की रहने वाली युवती ने कहा है कि उसकी शादी ग्रेटर नोएडा के पैरामाउंट गोल्फ फारेस्ट सोसायटी में रहने वाले अभिषेक मिश्रा से तय हुई थी। 24 मार्च 2023 को ग्रेटर नोएडा के जगन्नाथ मंदिर में सगाई हुई थी। पहले अभिषेक के परिजोनों ने कहा कि दहजे नहीं चाहिए। दोनों पक्षों की सहमति से 11 जून 2023 को शादी की तिथि तय हुई। दोनों पक्षों में तय हुआ की विवाह की रस्म ग्रेटर नोएडा स्थित होटल में पूरी की जाएगी। जिसका खर्च दोनों पक्ष आधा-आधा देंगे।

अचानक से मांग दी गई दहेज
पीड़िता के मुताबिक उनके पिता ने एक होटल की बुकिंग भी कर दी। जिसके लिए चार लाख 52 हजार रुपए होटल में एडवांस जमा किए। शादी के कार्ड छपवाकर सभी रिश्तेदारों को बांटा गया। 29 मई को अभिषेक मिश्रा की मां मीना मिश्रा एवं छोटे भाई अभिनव मिश्रा ने फोन कर कहा कि वह कोई गृहस्थी का सामान दहेज में नहीं मांग रहे हैं। इसलिए उन्हें होटल का पूरा खर्च व शादी से पहले 10 लाख रुपए चाहिए। पिता ने जब इतना भारी भरकम दहेज देने से मना किया तो अभिषेक के स्वजन ने कहा कि शादी नहीं होगी।

सामाजिक अपमान नहीं सह पा रहे माता-पिता
6 जून को लड़की की मां दूल्हे के घर पहुंची। जहां उन लोगों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उन्हें वापस लौटा दिया। बेटी की शादी टूटने से माता-पिता की तबियत खराब हो गई, वह कानपुर चले गए। समाज में हुए अपमान से पीड़ित पक्ष के लोग परेशान है। सूरजपुर कोतवाली प्रभारी पुष्पराज सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।