logo

दिल्ली : ED हेडक्वार्टर में सोनिया गांधी से पूछताछ जारी, विरोध में कांग्रेस का देशव्यापी प्रदर्शन

a1213.jpg

डेस्क: 

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) नेशनल हेराल्ड (National Herald Case) से जुड़े मनी लाउंड्रिंग केस में पूछताछ के सिलसिले में दिल्ली स्थित ईडी हेडक्वार्टर (ED Headquarters Delhi) पहुंची। सोनिया गांधी के साथ उनकी बेटी प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) भी मौजूद थीं। यहां, ईडी के अधिकारी उनसे पूछताछ कर रहे हैं। इधर, सोनिया गांधी पर ईडी की कार्रवाई के खिलाफ पार्टी नेता और कार्यकर्ताओं का देशव्यापी प्रदर्शन जारी है। देश के तकरीबन सभी राज्यों की राजधानी में स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रदर्शन हो रहा है। झारखंड की राजधानी रांची में स्थित ईडी कार्यालय का घेराव भी कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने किया। वे लोग केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगा रहे है। 

 

सत्तारूढ़ दल ताकत दिखाना चाहता है! 
दिल्ली में ईडी के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) ने कहा कि सत्तारूढ़ दल दिखाना चाहता है कि वो कितना शक्तिशाली है। उन्होंने कहा कि हमने संसद में महंगाई का मुद्दा उठाया है लेकिन वे चर्चा के लिए तैयार ही नहीं हैं। अब हम केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का मुद्दा उठा रहे हैं। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा (Deepender Singh Hooda) ने कहा कि हमलोग शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जता रहे हैं। वे हमारी आवाज को दबा नहीं सकते।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि सोनिया गांधी का एक व्यक्तित्व और आभामंडल है। वे 70 वर्ष से अधिक आयु की हैं। ईडी को जांच के लिए उनके घर आना चाहिए था। अशोक गहलोत ने कहा कि मैं ईडी और सीबीआई के प्रमुख से मिलना चाहता हूं। उनको बताना चाहता हूं कि लोग केंद्रीय एजेंसियों के बारे में क्या सोचते हैं। अशोक गहलोत ने सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाया। 

राहुल और प्रियंका भी ईडी कार्यालय पहुंचे
गौरतलब है कि गुरुवार को ईडी कार्यालय में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से पूछताछ की जा रही है। बेटी प्रियंका और बेटे राहुल गांधी भी ईडी हेडक्वार्टर पहुंचे हैं। इधर,दिल्ली में ईडी हेडक्वार्टर के बाहर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और नेताओं का प्रदर्शन जारी है। दिल्ली में ईडी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे तकरीबन 2 दर्जन से ज्यादा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। 

राहुल गांधी से ईडी पहले कर चुकी है पूछताछ
गौरतलब है कि ईडी ने नेशनल हेराल्ड मनी लाउंड्रिंग केस मामले में पूछताछ के लिए बीते 3 जून को ही राहुल गांधी और सोनिया गांधी को समन किया था। उनको 18 जून को ईडी हेडक्वार्टर में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। इसी बीच सोनिया गांधी कोविड पॉजिटिव हो गईं और स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर वक्त मांगा। 18 जून को राहुल गांधी पूछताछ के लिए हाजिर हुए। उनसे 3 दिन तक लगातार पूछताछ की गई। उस समय भी कांग्रेस ने देशव्यापी प्रदर्शन किया था।