द फॉलोअप डेस्क
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने UGC नेट परीक्षा की उत्तर कुंजी में हुई गड़बड़ियों को संज्ञान में लेते हुए इसमें सुधार की मांग की है। इसे लेकर UGC को पत्र लिखा है। मांग की है कि आवेदन से लेकर परिणाम तक में होने वाली सभी अनियमितताओं को दूर किया जाये। ABVP का मानना है कि इस प्रकार की अनियमितताओं से छात्रों का समय और भविष्य दोनों ही संकट में आ जाते हैं। बता दें कि गत 5 जनवरी को एनटीए द्वारा UGC नेट परीक्षा की उत्तर कुंजी जारी की गई थी। कुछ विषयों में (आर्किटेक्चर) छात्रों द्वारा मिलान में 50 प्रतिशत से भी अधिक उत्तर गलत पाए गए हैं।

आवेदन का नहीं निकला कोई नतीजा
ABVP ने कहा है कि इतने अधिक उत्तरों के लिए एक अभ्यर्थी द्वारा आवेदन किया जाना भी संभव नहीं है। इसके लिए छात्रों ने संस्थाओं से संपर्क का प्रयास भी किया। लेकिन इसका कोई परिणाम नहीं निकला। पहले भी UGC नेट के आवेदन के समय भी तकनीकी समस्या आयी थी। हजारों छात्र परीक्षा में आवेदन नहीं कर पाये। ABVP ने पत्र लिखकर इस प्रकार की गंभीर अनियमितताओं को तत्कार प्रभावी कदम उठा कर दूर करने की मांग की है।
छात्रों का भविष्य अधर में
इस बाबत ABVP के राष्ट्रीय महामंत्री याज्ञवल्क्य शुक्ल ने कहा, " एनटीए द्वारा आयोजित UGC नेट की परीक्षा में बार-बार इस प्रकार गंभीर अनियमितताओं का आना दुर्भाग्यपूर्ण है। कहा, जहां देश एनईपी के माध्यम से शिक्षा क्षेत्र में अवसरों का निर्माण कर रहा है, वहीं परीक्षाओं में इस प्रकार की अनियमितताएं छात्रों के भविष्य को अधर में डालने वाली हैं। ABVP की मांग है कि इसे संज्ञान में लेकर एनटीए द्वारा इन अनियमितताओं को दूर किया जाना चाहिए।
