डेस्क:
केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) ने सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ा ऐलान किया है। देश के बड़े व्यापारी साइरस मिस्त्री (Cyrus Mistry) की मौत के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर सरकार द्वारा सख्त कदम उठाया गया है। गडकरी ने कहा है कि जिस तरह कार में आगे बैठे पैसेंजर के सीट बेल्ट नहीं लगाने पर अलार्म बजता है, ऐसा ही सिस्टम अब पिछली सीट पर बैठे पैसेंजर (rear seat passenger) के लिए भी होगा। इसके लिए कार कंपनियों को निर्देश दिया जाएगा। कहा जा रहा है कि सरकार अब अगले 3 दिन में इससे जुड़े आदेश जारी करने जा रही है।

नहीं लगाने पर कटेगा चालान
केंद्रीय सड़क और परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को एक निजी कार्यक्रम में सरकार के फैसले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब पिछली सीट पर बैठने पर सीट बेल्ट लगाना जरूरी होगा। ऐसा नहीं करने पर चालान कटेगा। अभी तक कार में ऐसा सिस्टम है कि अगर आगे की सीट पर बैठने वाले यात्रियों ने सीट बेल्ट नहीं पहना है तो अलार्म बजता है,लेकिन अब पिछली सीट पर बैठे यात्री के सीट बेल्ट नहीं लगाने पर भी अलार्म बजेगा।
आदेश अगले तीन दिन में लागू
नितिन गडकरी ने बताया कि इस संबंध में 3 दिन में आदेश लागू हो जाएगा। इसके बाद पिछली सीट पर बैठने वाले यात्री के लिए सीट बेल्ट पहनना जरूरी हो जाएगा। ये आदेश सभी तरह की गाड़ियों पर लागू होगा। यानी गाड़ी छोटी हो या बड़ी हो, पिछली सीट पर बैठे यात्री के लिए सीट बेल्ट पहनना जरूरी होगा। उन्होंने बताया कि पीछे की सीट पर भी बेल्ट लगाने के लिए क्लिप की व्यवस्था करनी होगी। साथ ही अलार्म सिस्टम भी लगाना होगा, जो पीछे बैठे यात्री के सीट बल्ट न लगाने पर बजता रहेगा।

सड़क दर्धटना में साइरस मिस्त्री की हुई थी मौत
बता दें कि रविवार को टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार साइरस कार के पीछे वाली सीट पर बैठे थे और उन्होंने सीट बेल्ट नहीं लगाया। केंद्रीय परिवहन मंत्री के इस फैसले को लोग साइरस की मौत से जोड़कर देख रहे है।