logo

झारखंड कृषि व्यापार मेला 2026 का दूसरा दिन बना ज्ञान, नवाचार और किसानों के उत्साह का भव्य संगम, के राजू हुए शामिल 

KRAJU00017.jpg

रांची 

रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में आयोजित झारखंड कृषि व्यापार मेला 2026 का दूसरा दिन किसानों की उत्साहपूर्ण भागीदारी, आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी और नवाचारों के प्रदर्शन के साथ अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायी रहा। राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पहुंचे किसान भाई-बहनों ने प्रदर्शनी, तकनीकी सत्रों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं संवाद मंचों में सक्रिय सहभागिता कर कृषि के नवीन आयामों से परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने मेले का भ्रमण कर किसानों का उत्साहवर्धन किया तथा विभिन्न विभागीय एवं निजी स्टॉलों का निरीक्षण कर कृषि, पशुपालन और संबद्ध क्षेत्रों में हो रहे नवाचारों की जानकारी ली।

वैज्ञानिकों और तकनीकी जानकारों ने किसानों का ज्ञान बढ़ाया 

मेले में कृषि, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, बागवानी एवं अन्य संबद्ध क्षेत्रों के विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों और तकनीकी जानकारों ने किसानों को नवीनतम वैज्ञानिक तकनीकों, सरकारी योजनाओं, उन्नत नस्ल सुधार, पशु स्वास्थ्य प्रबंधन, डेयरी विकास, झींगा एवं मोती पालन तथा कृषि आधारित उद्यमिता के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी। दिनभर आयोजित विभिन्न विषयगत सत्रों में फसल उपरांत प्रबंधन, डिजिटल एवं जलवायु-स्मार्ट कृषि, कुक्कुट एवं अंडा उत्पादन, डेयरी आधारित कृषि व्यवसाय, मत्स्य क्षेत्र में नवाचार, मोती कृषि तथा लाख उत्पादन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने विस्तार से चर्चा की। इन सत्रों ने किसानों को आधुनिक तकनीकों को अपनाकर उत्पादन बढ़ाने और आय में वृद्धि के नए मार्गों से अवगत कराया।

मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने किया संबोधित 

इस अवसर पर मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि झारखंड कृषि व्यापार मेला 2026 किसानों को नई तकनीकों, सरकारी योजनाओं और बाजार से जोड़ने वाला एक प्रभावी मंच बनकर उभर रहा है। यह आयोजन राज्य की कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के साथ-साथ किसानों को आत्मनिर्भर, समृद्ध और तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मेले की गरिमा उस समय और बढ़ गई जब भारत सरकार के पूर्व अपर सचिव एवं आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव  के. राजू का आगमन हुआ। उनके साथ कांग्रेस के सह-प्रभारी डॉ. सिरिबेला प्रसाद, भूपेश मरावी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष  केशव महतो कमलेश तथा पूर्व मंत्री  बंधु तिर्की, कुमार राजा, सोमनाथ मुंडा, जोसाई माडी भी उपस्थित रहे।

अतिथियों ने कृषि स्टॉलों, प्रदर्शनी क्षेत्रों और नवाचार केंद्रों का अवलोकन किया

सभी अतिथियों ने मेले में लगाए गए विभिन्न कृषि स्टॉलों, प्रदर्शनी क्षेत्रों और नवाचार केंद्रों का अवलोकन किया तथा किसानों, कृषि उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों से संवाद किया। उन्होंने झारखंड सरकार के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग द्वारा आयोजित इस भव्य पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन किसानों की समृद्धि, आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रसार तथा कृषि व्यापार को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। झारखंड कृषि व्यापार मेला 2026 आज किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, उद्यमियों, स्टार्टअप्स और नवाचारों का एक सशक्त संगम बन चुका है, जो राज्य की कृषि उन्नति, ग्रामीण विकास और आत्मनिर्भर किसान के संकल्प को नई ऊर्जा एवं नई दिशा प्रदान कर रहा है।


 

Tags - Agriculture Farmers Innovation Ranchi AgriTech