logo

भगवान श्रीराम ने अपने प्रतिद्वंदियों का भी सम्मान किया, देश को उनके आदर्शों की जरूरत- कल्पना मुर्मू सोरेन

a6211.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की संकल्प सभा में कल्पना मुर्मू सोरेन ने भगवान श्रीराम का नाम लेकर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर परोक्ष रूप में हमला बोला। केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर विरोधियों के प्रति तानाशाही और असहिष्णु रवैया अख्तियार करने का आरोप लगाते हुए कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि इस देश को भगवान श्रीराम के सच्चे आदर्शों की जरूरत है। कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि प्रभु श्रीराम ने युद्धभूमि में प्रतिद्वंदियों को हराकर भी उनका सम्मान किया। श्रीराम शक्तिशाली होते हुये भी धैर्यवान और सहनशील थे। इस देश को उनके आदर्शों की आवश्यक्ता है। 

पीएम मोदी का नाम लिये बिना साधा निशाना
कल्पना मुर्मू सोरेन ने पीएम मोदी का नाम लिए बिना कहा कि इस देश में कुछ नेताओं को लगता है कि वे सबसे बड़े हैं लेकिन यह उनका भ्रम है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता सबसे बड़ी होती है। उनका फैसला ही सर्वोपरि होता है। इस देश में जनता जो चाहेगी वही होगा। कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि देश में बाबा साहेब द्वारा प्रदत संवैधानिक गारंटियों को तहस-नहस किया जा रहा है। संवैधानिक संस्थाओं और मूल्यों को नष्ट किया जा रहा है। देश में किसी भी वर्ग और जाति के अधिकार सुरक्षित नहीं हैं।

 
श्रीराम का नाम लेकर कल्पना ने छेड़ी नई बहस
कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि आगामी चुनाव में इंडिया गठबंधन को इतना मजबूत बनाना होगा कि मौजूदा तानाशाही सरकार को उखाड़ फेंकना होगा। गौरतलब है कि इन चुनावों से पहले अयोध्या में राममंदिर का उद्घाटन किया गया। बीजेपी लगातार यह कहती आई है कि वे राम को लाये हैं। इस बीच, दिल्ली के रामलीला मैदान से भगवान श्रीराम का नाम लेकर, कल्पना मुर्मू सोरेन ने नई बहस छेड़ दी है। 

Tags - Kalpana Murmu SorenHemant SorenShree RamJMMLoksabha Election 2024