द फॉलोअप डेस्क
तेज प्रताप यादव अक्सर अपने बयान को लेकर चर्चा में बने रहते हैं। और इसी बयान के कारण उन्हें राजनीति से अलग पहचान मिली है। ऐसा ही एक बयान रेज प्रताप ने दिया है कि वे दोबारा चर्चा में आ गए हैं। दरअसल उन्होंने कंगना रनौत को अपना फेवरेट एक्ट्रेस बताया है। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में उन्होंने ABP को इंटरव्यू के दौरान अपने दिल की बात बता दी है। इंटरव्यू के दौरान जब पत्रकार चित्रा त्रिपाठी ने पूछा कि उनकी फेवरेट एक्ट्रेस कौन है तो उन्होंने बेझिझक कहा कि कंगना की गैंगस्टर, वो लम्हें, और मणिकर्णिका जैसी फिल्में काफी पसंद हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि उनकी ऐक्टिंग भी बेहद शानदार लगती है।
बातचीत के दौरान जब उनसे पूछा गया कि कंगना तो अब राजनीति में आ गई हैं तो उस पर तेज प्रताप ने मजाकिया अंदाज में कहा कि "हम नेता बने तो उन्होंने भी हमें देखकर ही नेता बनने का फैसला किया होगा। हां हमें देखकर ही बनी होंगी वो नेता"। तेज प्रताप ने आगे बताया कि वे कंगना के इतने बड़े फैन हैं कि उनकी फिल्में अपने फोन में भी डाउनलोड करके रखते हैं यही नहीं उनके पास तो कंगना की तस्वीरें भी सेव हैं। वहीं जब उनसे पूछा गया कि क्या वे ये सब छुपकर देखते हैं तो उन्होंने कहा कि नहीं-नहीं सबके सामने देखते हैं। 
वहीं जब चिराग पासवान के म्यूजिक एलबम का जिक्र किया गया तो तेज प्रताप ने हँसते हुए कहा कि उनके साथ गाना आया होगा, अब अगली बार हमारी पिक्चर आ जाएगी। हमारी रील्स वायरल हो रहे हैं तो एक्टिंग करना कौन सा बड़ा काम है। वहीं जब उनसे सवाल किया गया कि अगर उन्हें कंगना के साथ काम करने का मौका मिले, तो वो क्या रोल निभाएंगे? जिस पर तेज प्रताप ने झट से जवाब दिया कि "हां और क्या, हीरो ही तो रहेंगे"।
इंटरव्यू के दौरान जब तेज प्रताप से कहा गया कि कंगना तो अक्सर इण्डिया गठबंधन पर हमला बोलती है, तो तेज प्रताप ने कहा "अगर वो निशाना साधेगी तो हम भी कहेंगे कि कंगना जी, संयमित रहिये आप हमारी फेवरेट हिरोइन हैं"।
इस तरह के चुटीले बयान के बाद तेज प्रताप फिर से चर्चा में आ गए हैं। बता दें कि अभी कुछ दिन पूर्व ही वे अनुष्का यादव के साथ वायरल तस्वीरों को लेकर चर्चा में रहे थे।