logo

सीएम नीतीश की मौजूदगी में आज कर्पूरी ठाकुर को मिलेगा भारत रत्न

nitish_kapuri.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जननायक कर्पूरी ठाकुर को आज भारत रत्न मिलेगा। बिहार के सीएम नीतीश कुमार इस मौके पर मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राष्ट्रपति भवन ने उक्त समारोह में शामिल होने के लिए विशेष आमंत्रिण भेजा गया है। बता दें कि कर्पूरी ठाकुर के पुत्र रामनाथ ठाकुर अपने पिता के सम्मान को ग्रहण करेंगे। गौरतलब है कि 23 जनवरी को राष्ट्रपति भवन ने उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किए जाने की घोषणा की थी। 24 जनवरी को उनकी 100 वीं जयंती थी।


PM मोदी ने लिखा- कर्पूरी ठाकुर ने दलितों के उत्थान के लिए अटूट प्रतिबद्धता दिखाई
बता दें कि 23 जनवरी को पीएम नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर ट्वीट कर लिखा था कि  'मुझे खुशी है कि भारत सरकार ने सामाजिक न्याय के प्रतीक महान जननायक कर्पूरी ठाकुर जी को भारत रत्न से सम्मानित करने का निर्णय लिया है, वह भी ऐसे समय में जब हम उनकी जन्म शताब्दी मना रहे हैं।’यह प्रतिष्ठित सम्मान हाशिये पर खड़े लोगों के लिए समानता और सशक्तिकरण के समर्थक के रूप में उनके स्थायी प्रयासों का एक प्रमाण है। दलितों के उत्थान के लिए उनकी अटूट प्रतिबद्धता और उनके दूरदर्शी नेतृत्व ने भारत के सामाजिक-राजनीतिक ताने-बाने पर एक अमिट छाप छोड़ी है। यह पुरस्कार ना केवल उनके उल्लेखनीय योगदान का सम्मान करता है बल्कि हमें एक अधिक न्यायपूर्ण और न्यायसंगत समाज बनाने के उनके मिशन को जारी रखने के लिए भी प्रेरित करता है।'

कौन है कर्पूरी ठाकुर जानिए...
कर्पूरी ठाकुर दो बार बिहार के मुख्यमंत्री, एक बार उप मुख्यमंत्री और बिहार के शिक्षा मंत्री रहे हैं। इसके साथ ही वे कुछ समय के लिए समस्तीपुर से सांसद भी रहे हैं। कर्पूरी ठाकुर को बिहार के सामाजिक न्याय का मसीहा माना जाता है। उन्होंने कई ऐसे फैसले लिए जो न केवल बिहार में बल्कि देश में मिशाल बना। देश में सबसे पहले उन्होंने पिछड़ा वर्ग को आरक्षण दिया। इतना ही नहीं देश में सबसे पहले महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर सवर्णों को आरक्षण देने का श्रेय भी कर्पूरी ठाकुर को जाता है। हालांकि, बाद में उनके फैसले को समाप्त कर दिया गया। कर्पूरी ठाकुर भारत रत्न पाने वाले बिहार में जन्मे चौथे शख्स हैं। इनसे पहले डॉ. राजेंद्र प्रसाद, जय प्रकाश नारायण और बिस्मिल्ला खान को भारत रत्न मिल चुका है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक करें- https://chat.whatsapp.com/B5Ez1xqYOyL74JlHFO8Y86

Tags - biharbihar newsNitish kumarBharat ratna 2024