logo

KBC ने बनाया करोड़पति, शराब की लत से आ गये सड़क पर, अब ये काम कर रहे बिहार के सुशील 

sushil.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

बिहार के सुशील कुमार तब सुर्खियों में आये थे जब उन्होंने KBC पर पांच करोड़ रुपये का इनाम जीता था। फिर, बाद में शराब की लत ने उनकी हालत दयनीय कर दी। लेकिन अब खबर है कि सुशील कुमार ने पढ़ाई की बदौलत दो-दो सरकारी नौकरियों हासिल की हैं। बता दें कि सुशील कुमार ने आज से 12 साल पहले कौन बनेगा करोड़पति कार्यक्रम में प्रथम पुरस्कार के रूप में पांच करोड़ रुपये जीते थे। सोनी टीवी पर आने वाले इस क्विज कार्यक्रम को सुपर स्टार अमिताभ बच्चन आज भी होस्ट करते हैं। आज भी इस कार्यक्रम का आकर्षण देशभर में बना हुआ है। 

सोशल मीडिया पर दी जानकारी 

मिली खबर के मुताबिक सुशील कुमार ने दयनीय हालत होने पर भी अपना धैर्य नहीं खोया। उन्होंने खुद को पढ़ाई पर एकाग्र किया और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुट गये। इसी का नतीजा है कि आज उनके हाथ में दो-दो नौकरियों के आमंत्रण पत्र हैं। इसकी जानकारी सुशील कुमार ने खुद ही सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिये दी है। उनका चयन बिहार लोक सेवा आयोग यानी बीपीएससी की परीक्षा में सफलता के आधार पर किया गया है। सुशील ने बीपीएससी की परीक्षा में 119वां रैंक हासिल कर एक बार फिर से सबको चौंका दिया है।   


इस परीक्षा में सुशील को मिली कामयाबी 
गौरतलब है कि हाल ही में बिहार लोक सेवा आयोग ने TRE 2.0 के नतीजे प्रकाशित किये हैं। इस परीक्षा में वे उतीर्ण रहे हैं और उनका चयन सहायक अध्यापक के तौर पर किया गया है। सुशील कुमार का नाम विद्यालय सह अध्यापक पद के लिए चुने गये अभ्यर्थी की सूची में शामिल है। परीक्षा में अपने टैलेंट का शानदार प्रदर्शन करते हुए सुशील ने ये कामयाबी हासिल की है। इसके साथ ही उनका चयन एक अन्य सरकारी विभाग की नौकरी के लिए किया गया है।