द फॉलोअप डेस्क
संसद में घुसपैठ करने के आरोपियों को BJP सासंद प्रदीप सिम्हा ने एंट्री पास दिया था। सिम्हा तभी से सुर्खियों में बने हुए थे। सवाल पूछे जा रहे हैं कि सिम्हा ने किस आधार पर आरोपियों को संसद में एंट्री का पास जारी किया था। वे देशद्रोही हैं या देशभक्त, इसे लेकर लगातार बहस हो रही है। इस बीच, घटना के 11 दिन पहली बार BJP सांसद सिम्हा का बयान आया है। उन्होंने कहा है, वे देशद्रोही हैं या देशभक्त, इसका फैसला आगामी लोकसभा चुनाव में मतदाता करेंगे। विरोधियों को जवाब देते हुए उन्होंने कहा, “मुझे भगवान पर भरोसा है और मेरे समर्थन मुझे व मेरे काम को जानते हैं, इससे ज्यादा मुझे कुछ नहीं कहना है।“
दर्ज किया गया सिम्हा का बयान
संसद में घुसपैठ मामले की जांच सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं। इस बीच संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि मामले में किसी भी तरह के दोषी को बख्शा नहीं जायेगा। बताया कि जांच को और पुख्ता करने के लिए हमने अपने सांसद प्रदीप सिम्हा का बयान कलमबद्ध किया है। बता दें कि सिम्हा BJP के टिकट पर 2 बार सांसद रह चुके हैं। उनका संसदीय क्षेत्र मैसूर-कोडागु रहा है। 13 दिसंबर को संसद में घुसकर स्मोक स्प्रे करने वाले घुसपैठियों को सिम्हा के कार्यालय से पास जारी किया गया था।

13 दिसंबर को संसद में हुई थी घुसपैठ
गौरतलब है कि संसद की सुरक्षा में चूक मामले में लोकसभा के 6 अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही इसमें संलिप्त 6 आरोपियों को पहले से गिरफ्तार किया जा चुका है। 13 दिसंबर को संसद की दर्शक दीर्घा में 2 लोग स्मोक स्प्रे लेकर घुस आये थे। दोनों जारी सदन में कूद आये और सासंदों पर स्मोक स्प्रे का छिड़काव करने लगे। इससे संसद के एक हिस्से में धुंआ फैल गया। इससे न सिर्फ संसद में मौजूद सांसदों में खलबली मची बल्कि इस घटना से पूरे देश में हड़कंप मच गया।
