logo

संसद की सुरक्षा में चूक : तल्ख तेवर और विरोध के कारण सस्पेंड किये गये TMC सासंद डेरेक ओ ब्रायन 

TMC_MP.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

संसद की सुरक्षा में चूक को लेकर विपक्ष संसद के दोनों सदनों में केंद्र सरकार पर हमलावर है। इसे लेकर आज टीएमसी के राज्यसभा सासंद डेरेक ओ ब्रायन को सत्र के शेष दिनों के लिए सस्पेंड कर दिया गया। ब्रायन पर आरोप है कि वे सदन की कार्यवाही चलने में बाधा डाल रहे थे। उनके विरोध के स्वर इतने तीखे हैं, इससे सदन की कार्यवाही बार-बार स्थगित करनी पड़ रही है। हालांकि कुछ मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि डेरेक ओ ब्रायन के साथ अन्य दलों के सांसद भी सरकार की तीखी आलोचना में शामिल हैं। इस दौरान ब्रायन का आचरण अनियंत्रित रहा और उन्होंने हंगामा करने वाले तेवर में सरकार को घेरने की कोशिश की। 

वेल में प्रवेश कर गये टीएमसी सांसद 

इस बाबत राज्यसभा के सभापति ने कहा कि हंगामा करते हुए ब्रायन सदन के वेल में प्रवेश कर गये। उन्होंने नारेबाजी की और इससे सदन की कार्यवाही रोकनी पड़ी। इसलिए ब्रायन को सत्र के बचे दिनों तक सस्पेंड किया जाता है। बता दें कि अभी सदन का शीतकालीन सत्र चल रहा है। राज्यसभा में टीएमसी सांसद के ‘अपमानजनक’ और ‘अनियंत्रित व्यवहार’ के लिए उनको सस्पेंड करने का प्रस्ताव पेश किया गया। इसे राज्यसभा के सभापति ने मंजूरी दे दी।

संसद के 6 अधिकारी हो चुके हैं निलंबित 

गौरतलब है कि संसद की सुरक्षा में चूक मामले में लोकसभा के 6 अधिकारियों को भी सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही इसमें संलिप्त अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। बता दें कि कल, 13 दिसंबर को संसद की दर्शक दीर्घा में दो लोग स्मोक स्प्रे लेकर घुस आये थे। दोनों जारी सदन में कूद आये और सासंदों पर स्मोक स्प्रे का छिड़काव करने लगे। इससे संसद के एक हिस्से में धुंआ फैल गया। इससे न सिर्फ संसद में मौजूद सांसदों में खलबली मची, बल्कि इस घटना से पूरे देश में हड़कंप मच गया। बहरहाल, त्वरित कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस ने मामले में अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इधर, संसद के अंदर की बात करें तो सुरक्षा में चूक के मामले में लोकसभा के 6 अफसरों को सस्पेंड कर दिया गया है।