logo

कोलकाता : बंगाल में ममता बनर्जी सरकार और बीजेपी के बीच सियासी संग्राम, लगाया तानाशाही का आरोप

mamtabanerjee.jpg

कोलकाता: 

पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार बनाम भारतीय जनता पार्टी का सियासी संग्राम थमता नहीं दिख रहा। भारतीय जनता पार्टी जहां ममता बनर्जी सरकार पर राज्य की विधि-व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने और तानाशाही शासन चलाने का आरोप लगा रही है वहीं सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि बीजेपी प्रदेश का माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रही है। इसी सिलसिले में भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को राजधानी कोलकाता के विकास भवन का घेराव किया। 

 

बंगाल सरकार के खिलाफ बीजेपी का प्रदर्शन
भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ कोलकाता के विकास भवन की ओर रैली निकाली। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इस रैली का नेतृत्व सांसद और भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या कर रहे थे। पश्चिम बंगाल बीजेपी के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार सहित कई अन्य नेता भी रैली में शामिल थे। बीजेपी नेताओं ने तानाशाही का आरोप लगाया। 

बीजेपी ने ममता बनर्जी पर तानाशाही का आरोप लगाया
तेजस्वी सूर्या ने कोलकाता पुलिस की कार्रवाई को लेकर कहा कि ये तानाशाही सरकार है। ममता बनर्जी हिटलर की तरह व्यवहार कर रही हैं। हमसे हमारा संवैधानिक अधिकार छीना जा रहा है। हम शांतिपूर्वक विकास भवन आये ते। हमने शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करना हमारा संवैधानिक अधिकार है। हमसे, हमारा अधिकार छीना जा रहा है।


 बंगाल बीजेपी अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने क्या कहा! 
पश्चिम बंगाल बीजेपी के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा कि ममता बनर्जी ने प्रदेश में लोकतंत्र की हत्या की है। हमने पुलिस को कहा था कि हमें हिरासत में लें या गिरफ्तार करें लेकिन लाठीचार्ज ना करें, लेकिन पुलिस ने ऐसा नहीं किया। सुकांत मजूमदार ने आरोप लगाया है कि पुरुष पुलिसकर्मियों ने महिला कार्यकर्ताओं पर हमला किया।

उन्होंने कहा कि मेरी जानकारी के मुताबिक हमारे 4 कार्यकर्ताओं को चोट लगी और उनको अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।