द फॉलोअप डेस्क:
बंगाल की सत्ता से बाहर हुई तृणमूल कांग्रेस पार्टी को दोहरा झटका लगा है। टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी चुनाव हार गई हैं। बीजेपी के शुभेंदू अधिकारी ने उनको भवानीपुर निर्वाचन सीट पर 15000 से ज्यादा वोट के अंतर से हरा दिया है। शुभेंदू अधिकारी ने कहा कि ममता बनर्जी का हारना बहुत जरूरी था। ममता बनर्जी का राजनीतिक संन्यास हो गया है। वह पिछली बार नंदीग्राम में चुनाव हारीं और अब भवानीपुर में उन्हें शिकस्त मिली। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि उनके पक्ष में हिंदू, सिख, जैन और पूर्वांचली लोगों ने मतदान किया। शुभेंदू अधिकारी ने दावा किया कि भवानीपुर के मुस्लिम मतदाताओं ने उनको वोट नहीं दिया।
शुभेंदू अधिकारी ने कहा कि 15वें राउंड के बाद जब ममता बनर्जी को हार का आभास था, इसलिए वह काउंटिंग सेंटर से निकल गईं। गौरतलब है कि शुभेंदू अधिकारी ने पिछले चुनाव में ममता बनर्जी को नंदीग्राम में हराया था। शुभेंदू अधिकारी इस बार भी नंदीग्राम सीट पर जीते हैं।
#WATCH | Kolkata | BJP leader Suvendu Adhikari greets his supporters after winning the Bhabanipur and Nandigram seats with landslide margins. pic.twitter.com/oghW6MMc10
— ANI (@ANI) May 4, 2026
बंगाल में कैसी होगी भाजपा की सरकार!
शुभेंदू अधिकारी ने कहा कि बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करेगी। कटमनी की कुप्रथा बंद होगी और सिंडिकेट का खात्मा होगा। शुभेंदू अधिकारी ने कहा कि ममता बनर्जी का अहंकार हारा है। उन्होंने कहा कि नंदीग्राम में पिछली बार उनकी जीत का अंतर इसलिए कम था, क्योंकि वहां मुस्लिम मतदाता ज्यादा हैं। भवानीपुर में वार्ड नंबर-77 के मुस्लिम मतदाताओं ने उनको वोट नहीं किया है। गौरतलब है कि कभी शुभेंदू अधिकारी ममता बनर्जी का दाहिना हाथ कहे जाते थे। वह टीएमसी के कद्दावर नेताओं में गिने जाते थे, लेकिन जब ममता बनर्जी ने भतीजे अभिषेक बनर्जी को आगे बढ़ाया तो शुभेंदू ने पार्टी छोड़ दी।

बीजेपी ने 208 सीटों के साथ प्रचंड जनादेश पाया
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 208 सीटों पर जीत हासिल करके प्रचंड जनादेश हासिल किया है। टीएमसी महज 79 सीटों पर सिमट गई है। सुबह काउंटिंग शुरू होने के बाद पहला रुझान आते ही दिल्ली में बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा था कि हम बंगाल में 200 प्लस सीटें लाएंगे। आजादी के बाद भारतीय जनता पार्टी ने पहली बार बंगाल में सत्ता पाई है। पिछले चुनाव में बीजेपी ने 77 सीटों पर जीत हासिल की थी। 2016 में बीजेपी को महज 3 सीटों पर जीत मिली थी। कहा जाता है कि बंगाल में महिलाओं ने बीजेपी को जमकर वोट दिया।