logo

रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा में धोनी, दीपिका समेत झारखंड से कई गणमान्य लोग होंगे शामिल

pram_patista.jpg

द फॉलोअप डेस्क
अयोध्या में बन रहे राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी 2024 को होने वाली है। इसे लेकर तैयारियां जोरो से जारी है। रामलला के प्राण पतिष्ठा में झारखंड से 50 से अधिक संत शामिल होंगे। साथ ही राज्य के कई अन्य हस्तियों को भी निमंत्रण भेजा गया है। इसमें क्रिकेटर और रांची के राजकुमार महेंद्र सिंह धोनी, तीरंदाज दीपिका, पूर्व सांसद कड़िया मुंडा, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश शामिल हैं। इनके अलावा कई संतों को भी आमंत्रित किया गया है। ये सभी लोग अयोध्या में होने वाले भव्य समारोह के साक्षी बनेंगे।


 झारखंड से इन संतों को मिला न्योता
 झारखंड से जिन संतों को आमंत्रित किया गया है, उनमें सिमडेगा स्थित रामरेखा धाम के अखंड दास, बैद्यनाथ धाम के गुलाबनंद ओझा, ठाकुर अनुकूलचंद आश्रम से मलय सरकार, रिखिया पीठ से स्वामी निरंजनानंद को भी आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा भारत सेवाश्रम आश्रम से स्वामी भूतेशनंद, चिन्मय मिशन बोकारो से साध्वी सुचेता चैतन्य, सरायकेला से मृत्युंजय बाबा, गिरिडीह से साध्वी ज्ञानान्द, संकट मोचन मंदिर रांची से सूर्य नारायण दास, चुटिया राम मंदिर से महंत गोकुल दास, तपोवन मंदिर रांची से ओमप्रकाश शरण को बुलाया गया है। इनके अतिरिक्त संताल परगना के भी कई साधु और धर्म गुरु को आमंत्रित किया गया है।


84 सेकेंड में होगी रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा
अयोध्या के राम मंदिर में रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के लिए 84 सेकेंड का शुभ मुहूर्त निकाला गया है। इसी 84 सेकेंड में रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा कर ली जायेगी। प्राण प्रतिष्ठा के लिए पीएम नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया गया है। इसके लिए 22 जनवरी 2024 का दिन निश्चित किया गया है। खबर है कि प्राण प्रतिष्ठा के लिए ज्योतिषाचार्यों की ओर से पांच शुभ मुहूर्त सुझाये गये थे। पांच में से 22 जनवरी के दिन का चयन किया गया है। इस दिन 84 सेकेंड के अंदर मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा होगी।