द फॉलोअप डेस्क
मोटिवेशनल स्पीकर विवेक बिंद्रा पर पत्नी ने मारपीट करने का आरोप लगाया है। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। प्राथमिकी में उसकी पत्नी यानिका ने कहा है कि बिंद्रा की पिटाई से उनके कान का पर्दा फट गया है। वो सुन नहीं पा रहीं है। उनके शऱीर पर चोट पर निशान हैं। सोशल मीडिया पर बुरी तरह से जख्मी यानिका का वीडियो वायरल हो रहा है। यानिका के भाई वैभव ने मामले में नोएडा में प्राथमिकी दर्ज करायी है। गौरतलब है कि यानिका मोटिवेशनल स्पीकर विवेक बिंद्रा की दूसरी पत्नी हैं।

पिछले साल हुई थी शादी
यानिका के भाई ने बताया है कि विवेक बिंद्रा से उसकी बहन की शादी पिछले साल 6 नवंबर को धूमधाम के साथ ललितमानगर होटल में हई थी। शादी के बाद से ही विवेक उनकी बहन को तरह-तरह से प्रताड़ित करने लगा। छोटी-छोटी बातों में भी वो उसकी पिटाई करने लगा। शादी के कुछ ही दिनों बाद विवेक बिंद्रा की उनकी मां प्रभा के साथ भी लडाई होने लगी। इस दौरान नव विवाहिता यानिका ने मां-बेटे में बीच-बचाव करना चाहा तो बिंद्रा ने उसे कमरे में बंद कर दिया और उसकी पिटाई की।

पहली पत्नी से भी विवाद
वैभव ने दर्ज प्राथमिकी में कहा है कि विवेक बिंद्रा ने यानिका की पिटाई की और उसका मोबइल तोड़ दिया। पिटाई के बाद उसकी बहन का इलाज कई दिनों तक दिल्ली के एक निजी अस्पताल में कराया गया। अस्पताल में इलाज करा रही यानिका का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस पर बिंद्रा की गिरफ्तारी के लिए दबाव बढ़ गया है। बता दें कि बिंद्रा का पहली पत्नी से भी विवाद चल रहा है। इस मामले में मुकदमा चल रहा है।
