द फॉलोअप डेस्क
मुंबई के घाटकोपर इलाके में बुधवार तड़के भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन में तीन बच्चों समेत सात लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। बीएमसी अधिकारियों के अनुसार, घटना सुबह करीब 3:48 बजे चिराग नगर के अशोक नगर स्थित गौसिया चॉल में हुई। पहाड़ी का एक हिस्सा और मलबा दो से तीन मकानों पर गिर गया, जिससे कई लोग मलबे में दब गए। घाटकोपर के बीएमसी संचालित राजावाड़ी अस्पताल में सात लोगों को मृत घोषित किया गया। मृतकों में मोहम्मद समीर अंसारी (14), साहिल हुसैन अब्दुल काजी (19), अबान आरिफ शेख (2), मन्नत आरिफ शेख (4), मरजीना आरिफ शेख (27) और विकेत रमेश यादव (27) शामिल हैं, जबकि एक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
घायलों का अस्पताल में इलाज
हादसे में घायल फराना दिलबर खान (28), दिलबर अमानुल्लाह खान (38) और शमीम मुस्लिम खान (26) को राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं सोहेल अंसारी (18), मोहम्मद अंसारी (14), नईमुद्दीन इकबाल खान (28) और साजिद अंसारी (16) का इलाज कुर्ला स्थित बीएमसी के भाभा अस्पताल में चल रहा है। अधिकारियों के मुताबिक सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद दमकल विभाग, मुंबई पुलिस, एनडीआरएफ, एंबुलेंस सेवा और बीएमसी के वार्ड कर्मचारियों की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। संकरी गलियों के कारण रेस्क्यू टीमों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। महज तीन से साढ़े तीन फीट चौड़ी गलियों में एक समय में मुश्किल से एक व्यक्ति ही गुजर सकता है। ऐसे में मलबा हटाने के लिए ‘रेकर’ मशीन की मदद ली जा रही है और फिर बाल्टियों से हाथों के जरिए मलबा बाहर निकाला जा रहा है।
मेयर ने किया घटनास्थल का दौरा
मुंबई की महापौर रितु तावड़े ने घटनास्थल का दौरा कर बचाव अभियान का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को चार लाख रुपये की तत्काल वित्तीय सहायता देने और प्रत्येक घायल के इलाज के लिए 50 हजार रुपये की मदद की घोषणा की। महापौर ने बचाव कार्य में जुटी सभी एजेंसियों को अभियान तेज करने और बेहतर समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया। बीएमसी के अनुसार, नगर निकाय की ओर से भूस्खलन और चट्टान खिसकने के जोखिम वाले इलाकों के लोगों को पहले भी सतर्क किया जाता रहा है। अशोक नगर में टेकड़ी नंबर-3 के आसपास रहने वाले लोगों को भी भूस्खलन के खतरे को लेकर चेतावनी और जागरूकता अभियान चलाया गया था।
सीएम फडणवीस ने जताया दुख
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घाटकोपर के गौसिया चॉल में हुए भूस्खलन को बेहद दुखद और दिल दहला देने वाला हादसा बताया। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उन्हें जरूरी इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए उनके परिवारों के प्रति संवेदना जताई। फिलहाल मलबे में किसी और के दबे होने की आशंका को देखते हुए मौके पर खोज और बचाव अभियान लगातार जारी है।