दिल्ली:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) की अध्यक्षता में नीति आयोग की सातवीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक (7th Governing Council meeting) आज होगी। यह बैठक नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन कल्चरल सेंटर (Rashtrapati Bhavan Cultural Center) में सुबह 9.45 बजे से शाम 4.30 बजे तक होने वाली है। इस बैठक में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर विशेष चर्चा होगी। इसके तहत स्कूली शिक्षा और उच्च शिक्षा पर केन्द्र और राज्य के बीच एक्शन प्लान बनेगा। इस बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) और मुख्य सचिव सुखदेव सिंह (Sukhdev Singh) शामिल होंगे। जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरोन संभावित सुखाड़ से निपटने के लिए केंद्र से सहयोग की मांग करेंगे। मॉनसून आधारित कृषि व्यवस्था के स्थान पर उत्तम सिंचाई की कृषि व्यवस्था स्थापित करने के लिए बड़ी राशि की आवश्यकता पर जोर देंगे।

10 जिलों में 60 से 75 प्रतिशत कम बारिश
बता दें कि इस बार राज्य के करीब 10 जिलों में 60 से 75 प्रतिशत कम बारिश हुई है। इससे फसलों की बुआई नहीं के बराबर हुई है। राज्य सरकार की ओर से बताया गया है कि राज्य में सबसे ज्यादा चिंताजनक स्थिति संथाल की है, जिसमें साहिबगंज, जामताड़ा, गोड्डा, पलामू, देवघर, चतरा और पाकुड़ जिला शामिल है। इन जिलों में बारिश नहीं होने की वजह से धान की रोपनी ना के बराबर हुई है। सरकारी मानक के अनुसार 50% से कम बारिश और 33% से कम फसलों की बुआई होने की स्थिति में सुखाग्रस्त क्षेत्र माना जाता है।
बकाया राशि की भी मांग करेगी
नीति आयोग की बैठक में झारखंड की ओर से नई शिक्षा नीति के क्रियान्वयन में आने वाली परेशानी, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट जैसे विषयों को भी उठाया जाएगा। इसके साथ ही झारखंड सरकार विभिन्न केंद्रीय मदों में बकाया राशि की भी मांग करेगी।

पिछले साल 20 फरवरी को हुई थी बैठक
बता दें कि गवर्निंग काउंसिल नीति आयोग की शीर्ष निकाय है, जिसके अध्यक्ष प्रधानमंत्री होते हैं। वहीं राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपाल और कई केंद्रीय मंत्री इसके सदस्य होते हैं। आम तौर पर साल में एक बार गवर्निंग कॉसिल की बैठक होती है। पिछले साल 20 फरवरी को बैठक हुई थी।