logo

‘आज रात उल्लू उड़ेगा’ ये बोलने पर नोएडा पुलिस ने क्यों गिरफ्तार कर लिया 5 लोगों को; जानिये 

OWL.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

नोएडा पुलिस ने ‘आज रात उल्लू उड़ेगा’ बोलने वाले 5 शातिर लोगों को गिरफ्तार किया है। दरअसल ये लोग अंतर्राज्यीय ट्रैक्टर और ट्राली चोर गिरोह के सदस्य हैं। पुलिस ने बताया कि ये लोग चोरी करने की प्लानिंग के समय कोड वर्ड में अपने साथियों से बात करते थे और एक दूसरे तक मैसेज पहुंचाते थे। ये लोग एक दूसरे के साथ जब बात करते थे तब ‘आज रात उल्लू उड़ेगा’ कोड का इस्तेमाल करते थे। इसका मतलब होता था आज रात चोरी करने के लिए निकलना है। इस कोड वर्ड के कारण गिरोह का नाम उल्लू गिरोह पड़ गया है। पुलिस को इस गिरोह के खिलाफ लगातार शिकायत मिल रही थी। लेकिन कामयाबी आज मिली है। 

इनको किया गया गिरफ्तार 
नोएडा सेक्टर 24 की पुलिस ने एनसीआर से ट्रैक्टर व ट्राली चोर गिरोह के 5 शातिरों को गिरफ्तार किया है। वहीं 2 आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बच निकलने में कामयाब रहे। पकडे गये पांच शातिरों में से तीन की पहचान गैंग लीडर के रूप में की गयी है। इन सभी के नाम हैं, दिलशाद उर्फ बिहारी, अनीस उर्फ अनीसुद्दीन, भूरपेंद्र, शहजाद और वरुण। आरोपियों ने पुलिस को दिये बयान में कहा है कि ये लोग मेरठ निवासी संसार और सलमान की योजना पर काम करते थे। इन्हीं की मदद से चोरी के ट्रैक्टर और ट्रालियों को बेचा जाता था। पुलिस अब इन दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सक्रिय हो गयी है। 

क्या-क्या मिला पुलिस को 

पांचों आरोपियों के पास से पुलिस को चोरी किये गये 8 ट्रैक्टर और 3 ट्रालियां मिली हैं। साथ ही इनके पास से तीन देसी बंदूक और चार जिंदा कारतूस बरामद किये गये हैं। आरोपियों ने बताया कि हथियार का कम से कम इस्तेमाल हो, इसका वो ख्याल रखते थे। सलमान और संसार की मदद से उनको ये हथियार मिले थे। बताया कि रोजगार का कोई और साधन नहीं मिलने के कारण इन लोगों ने चोरी करना शुरू कर दिया। बकौल पुलिस आरपी ये धंधा पिछले तीन साल से कर रहे थे।