logo

डिनर में नूडल्स खाकर सोये थे, सुबह 3 बच्चों समेत दंपति की लाश मिली

डिनर में नूडल्स खाकर सोये थे, सुबह 3 बच्चों समेत दंपति की लाश मिली

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
नोएडा से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। रबूपुरा थाना क्षेत्र के नगला श्री पदम गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन छोटे बच्चे शामिल हैं। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान 37 वर्षीय महेश, उनकी 35 वर्षीय पत्नी ललिता और उनके तीन बच्चों के रूप में हुई है। मृत बच्चों में 11 वर्षीय बेटा लड्डू, 7 वर्षीय बेटी मिष्टी और 3 वर्षीय बेटा साक्षात शामिल हैं। शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 की सुबह रबूपुरा थाना पुलिस को घटना की सूचना मिली। सूचना मिलने के बाद पुलिस और अन्य संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं।


रात में मैगी खाने की बात आई सामने
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस, एंबुलेंस और खाद्य विभाग के अधिकारी गांव पहुंचे। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घर में मौजूद खाने-पीने की चीजों के नमूने एकत्र किए। शुरुआती जानकारी और महेश की मां के बयान के मुताबिक, परिवार ने रात में मैगी खाई थी। इसके बाद भोजन में किसी जहरीले पदार्थ की मौजूदगी या फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक यह पुष्टि नहीं हुई है कि मौतों का कारण दूषित भोजन था या कुछ और। प्रशासन ने पांचों मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


हर पहलू से मामले की जांच कर रही पुलिस
एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस पूरे मामले की अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है। फिलहाल मैगी खाने की बात सामने आने के बावजूद इसे मौत की पुष्टि की गई वजह नहीं माना गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि परिवार के पांचों सदस्यों की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

Tags - Noida News Rabupura Nagla Shri Padam Five Family Members Dead Food Poisoning Suspected Uttar Pradesh Police Forensic Investigation