द फॉलोअप डेस्क, एमपी
मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले में एक छिपकली और इंसान के बीच की दोस्ती इन दिनों खूब चर्चा में है। दरअसल, ग्वालियर में मजदूरी करने वाले दिनेश लोधी और छिपकली के बीच दोस्ती की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। बताया जा रहा है कि छिपकली को दिनेश अपने पास ही रखता है। छिपकली भी दिनेश के शरीर पर बैठी रहती है। दिनेश और छिपकली के बीच की दोस्ती को देखने के लिये लोगों की भीड़ उमड़ रही है।

एक महीने पहले हुई थी दोस्ती
दिनेश लोधी से जब इस दोस्ती के बारे में लोगों ने जानना चाहा तो बताया कि ये दोस्ती एक महीना पुरानी है। जब वह सो रहा था तब उसके कपड़े में छिपकली घूस गई, लेकिन दिनेश नहीं जनता था कि उसके कपड़े में एक छिपकली है। वह उसे चूहा समझ रहा था। उसने उसे बाहर निकलने की कोशिश की। जब दिनेश ने कपड़े के अंदर हाथ डाला तो पता चला कि वह चूहा नहीं बल्कि एक छिपकली है। तब से वह छिपकली दिनेश के साथ ही है। एक महीना बीत चुका है और अब तक छिपकली कहीं नहीं भागी है। दिनेश भी छिपकली को अपने पास ही रखता है। दिनेश और छिपकली की दोस्ती किसी पालतू जानवर की तरह हो गई है।

छिपकली के बिना बेचैन रहता है दिनेश
लोगों ने दिनेश से पूछा की उसे डर नहीं लगता कि अगर छिपकली काट ले तो उसे नुकसान पहुंच सकता है। दिनेश ने बताया कि वह उसे किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाती बल्कि एक दोस्त की तरह उसके साथ रहती है। दोस्ती छिपकली के साथ इतनी गहरी हो चुकी है कि अगर वह छिपकली से दूर जाता है तो बेचैन हो जाता है। वह छिपकली को पूरे दिन अपने शरीर पर रखता है। कहा कि वह जान से भी बढ़ कर है। दिनेश ने बताया कि उसे जहर का असर नहीं होता। उसे अगर सांप भी डस ले तो कुछ नहीं होगा। दिनेश की इन बातों को सुनकर लोग दंग रह जाते हैं।
