द फॉलोअप डेस्क
राम भक्त अब हेलिकॉप्टर से भी प्रभु राम के दर्शन कर सकेंगे। उत्तर प्रदेश के 6 शहरों से हेलिकॉप्टर सेवा की शुरुआत होने वाली है। सीएम आदित्यनाथ योगी (CM Adityanath Yogi) की पहल पर इस सुविधा की शुरुआत की जा रही है। मिली खबर में बताया गया है कि इन 6 शहरों से राम भक्त को हेलिकॉप्टर से राम मंदिर, अयोध्या जाने के लिए अधिकतम 3500 रुपये देने होंगे। वहीं, एक हेलिकॉप्टर में पांच लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। इस योजना को राम भक्तों के लिए यूपी सरकार का उपहार बताया जा रहा है। हालांकि योजना किन शहरों से शुरू होगी, इसकी जानकारी अभी नहीं दी गयी है। बता दें कि 22 जनवरी को राम मंदिर का उद्घाटन व प्राण प्रतिष्ठा पीएम मोदी के हाथों से होनी है। इसके लिए धार्मिक अनुष्ठान शुरू किये जा चुके हैं।

150 विद्वान और पुरोहित ले रहे हिस्सा
राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर वैदिक पूजारी सुनील लक्ष्मीकांत ने बताया कि 16 जनवरी से लेकर प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान तक यानी 22 जनवरी तक विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों को पूरा करने के लिए लगभग 150 विद्वान और पुरोहित योगदान दे रहे हैं। कहा कि प्राण प्रतिष्ठा के लिए एक विशेष प्रार्थना 16 जनवरी से शुरू कर दी गयी है औऱ इसका समापन 22 जनवरी के दिन होगा। कहा कि यजमान की शुद्धि और अधिकार प्राप्ति के लिए अलग से पूजा की जा रही है। इसके तहत प्रायश्चित प्रार्थना भी की जायेगी। इन विधानों के पूरा हो जाने के बाद विष्णु पूजा और गोदान कार्यक्रम होंगे।

18 को गर्भ गृह में रखी जायेगी प्रतिमा
बता दें कि राम की प्रतिमा को 18 जनवरी को मंदिर के गर्भगृह में रख दिया जायेगा। फिर 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा के सभी अनुष्ठान पूरे किये जायेंगे। इसके बाद आमजन को रामलला के दर्शन के लिए मंदिर में एंट्री मिलना शुरू हो जायेगा। ये जानकारी श्रीराम रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के पदाधिकारी चंपक राय ने दी है। राय ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा की सारी तैयारी पूरी की जा चुकी है बस समय का इंतेजार है। कहा कि पूजन कार्य के सभी अनुष्ठान 21 जनवरी तक पूरे कर लिये जायेंगे। बता दें कि 22 जनवरी को राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा पीएम नरेंद्र मोदी के हाथों होनी है।
